: नरसिंहपुर,जूनियर इंजीनियर एवं लाइनमैन निलम्बित
Wed, Mar 16, 2022
नरसिंहपुर के ग्राम पंचायत पांजरा एवं पिपरिया में ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर रोहित सिंह को बताया गया कि यहाँ बिजली की समस्या काफ़ी समय से है।ट्रान्स्फ़ॉर्मर ख़राब है एवं इस पर गम्भीरता से कोई कार्यवाही नहीं की जाती।इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने डी.ई. वैभव बँसोड को कारण बताओ नोटिस,जूनियर इंजीनियर उदय कुमार एवं लाइनमैन रामखिलेश विश्वकर्मा को सस्पेंड करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारी को दिए।
: भोपाल,आयुष विभाग की वेबसाइट जन-सामान्य को सेवाएँ उपलब्ध कराने में बनें कारगर
Tue, Mar 15, 2022
राज्य मंत्री कांवरे ने विभाग की नवीन वेबसाइट का किया लोकार्पण
भोपाल।आयुष राज्य मंत्री श्री रामकिशोर कांवरे ने कहा है कि आयुष विभाग की सेवाएँ जन-सामान्य को आसानी से उपलब्ध हो सकें, इसके लिए विभागीय वेबसाइट को अधिक से अधिक कारगर बनाए जाने की जरूरत है। उन्होंने वेबसाइट में जन-आकांक्षा के अनुरूप समय-समय पर अपग्रेड किये जाने पर भी जोर दिया। राज्य मंत्री श्री कांवरे आज मंत्रालय में आयुष विभाग की नवीन वेबसाइट के लोकार्पण के बाद अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। प्रमुख सचिव आयुष श्रीमती कैरोलिन खोंगवार भी मौजूद थी।
राज्य मंत्री श्री कांवरे ने कहा कि नवीन वेबसाइट से विभागीय गतिविधियों में और अधिक पारदर्शिता आ सकेगी। उन्होंने वेबसाइट के जरिये आयुष के क्षेत्र में नवाचार और नवीन शोध को प्रोत्साहित किये जाने के निर्देश दिए। क्रिप्स के अधिकारियों ने राज्यमंत्री को वेबसाइट के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। वेबसाइट में न्यू टेक्नोलॉजी और आकर्षक यूजर इंटरफेस का प्रयोग किया गया है। अब विभाग से संबंधित गतिविधियों, कार्यकलापों, अधोसंरचना से संबंधित जानकारी जन-सामान्य सुगमता से प्राप्त कर सकेंगे।
क्रिस्प के अधिकारियों ने बताया कि विभागीय वेबसाइट में पारदर्शिता लाने के मकसद से नागरिकों से जुड़ी आवश्यक जानकारियों का अधिक से अधिक समावेश किया गया है। इसके अलावा विभागीय वेबसाइट में लोक सेवा गारंटी और सूचना के अधिकार से संबंधित जानकारियों का भी समावेश है। साथ ही आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी से संबंधित अस्पतालों और डिस्पेंशरी में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई है। वेबसाइट के माध्यम से आम नागरिकों को आयुष विशेषज्ञों से बीमारियों के संबंध में परामर्श मिल सकेगा। वेबसाइट में विभाग का उपयोगी एप्लीकेशन आयुष क्योर को भी जोड़ा गया है, जिसे हाल ही में प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड में राष्ट्रीय स्तर पर रजत पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
वेबसाइट में विभाग की कार्ययोजना मैनेजमेंट इनफॉर्मेशन सिस्टम का भी समावेश किया जायेगा, जिसके द्वारा आंकड़ों का भण्डारण एवं विश्लेषण किया जा सकेगा। विभाग की वेबसाइट
ayush.mp.gov.in
के संबंध में किसी भी तरह की अन्य जानकारी मोबाइल नंबर 9229234727 पर प्राप्त की जा सकती है।
: भोपाल,उपभोक्ता अधिकारों का उपयोग कर बनें जागरूक नागरिक ,खाद्य मंत्री
Tue, Mar 15, 2022
जन्म से लेकर मृत्यु तक हम सभी उपभोक्ता
भोपाल। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि विश्व उपभोक्ता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ता के रूप में नागरिकों को प्राप्त अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। खाद्य मंत्री श्री सिंह मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में विश्व उपभोक्ता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता दुकानदार को भुगतान करने के बाद स्वंय को कमजोर और असहाय न समझे। उपभोक्ता अपनी शिकायत जिला स्तर से सुप्रीम कोर्ट तक कर सकते हैं।
खाद्य मंत्री श्री सिंह ने कहा कि खरीदी गई वस्तु की गुणवत्ता, मात्रा, क्षमता एवं मूल्य संबंधी शिकायतों के बारे में उपभोक्ता को जानकारी का अधिकार है। उपभोक्ता सेवा संबंधी शिकायतों के लिये 50 लाख रूपये तक जिला उपभोक्ता आयोग, 50 लाख से 2 करोड़ रूपये तक राज्य उपभोक्ता आयोग एवं 2 करोड़ रूपये से अधिक के मामलों में राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा जिला उपभोक्ता आयोग के आदेश की अपील राज्य उपभोक्ता आयोग में और राज्य उपभोक्ता आयोग के आदेश की अपील राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग में कर सकते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग के आदेश की अपील के लिये सुप्रीम कोर्ट जाने के लिये भी स्वतंत्र हैं।
ई-दाखिल पोर्टल
खाद्य मंत्री श्री सिंह ने कहा कि उपभोक्ता ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। शिकायत की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी की जा सकेगी। इसमें उपभोक्ता घर बैठे ई-दाखिल पोर्टल पर परिवाद फाइल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 22 जिला मुख्यालयों में 25 पूर्णकालिक एवं 26 अंशकालिक जिला उपभोक्ता आयोग कार्यरत हैं। यहाँ उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा रहे हैं। गत वर्ष दिसंबर तक 222 प्रकरण ऑनलाइन दर्ज किये गये।
अध्यक्ष खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम श्री प्रद्युम्न सिंह लोधी ने कहा कि हम लोग छोटे से लाभ के लिए क्रय की गई वस्तु का बिल प्राप्त नहीं करते हैं। दुकानदार भी टेक्स बचाने का प्रलोभन देता है। उत्पाद की शिकायत की स्थिति में बिल न होने से उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज नहीं करा पाते। उन्होंने कहा कि क्रय की गई वस्तु का पक्का बिल प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से क्रय की गई हर सामग्री का बिल लेने की अपील की। जिससे दुकानदार भी टेक्स देकर राष्ट्र की आय में अपना सहयोग दें।
प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत
विश्व उपभोक्ता दिवस पर पिछले दिनों आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं, निबंध, पोस्टर एवं उपभोक्ता संरक्षण में कार्यरत संस्थाओं को उनके योगदान के लिये नकद राशि एवं प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर उपभोक्ताओं को जागरूक बनाने के उद्देश्य से लगाये गये विभिन्न स्टॉल को भी पुरस्कृत किया गया। इसमें प्रथम स्थान फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, द्वितीय स्थान खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा तृतीय स्थान नापतोल विभाग के स्टॉल को दिया गया।
प्रबंध संचालक नागरिक आपूर्ति निगम तरूण पिथोड़े, संचालक खाद्य दीपक सक्सेना, नियंत्रक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती ज्योति नरवरिया नागरिक सहित विभिन्न स्कूल के विद्यार्थी एवं स्वयं-सेवी संस्थाओं के सदस्य भी उपस्थित थे।