: गाडरवारा,बिदाई अभिनंदन समारोह सम्पन्न
Thu, Jun 30, 2022
बिदाई अभिनंदन समारोह सम्पन्नगाडरवारा।शासकीय प्राथमिक शाला उड़नी में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक नारायण सिंह राजपूत के सफलतम शिक्षकीय दायित्व निर्वहन के पश्चात 62 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्ति के अवसर विदाई अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया । उक्त अवसर पर ग्राम के गणमान्य नागरिकों, पारिवारिक स्वजनों, स्टाफ के सभी शिक्षक साथियों, सभी छात्रों एवं अन्य कर्मचारियो के साथ संकुल व जनशिक्षाकेंद्र अंतर्गत सभी शिक्षक साथियों जिनमें नागेंद्र त्रिपाठी,कमलेश तिवारी, विजय नागा, प्रवीण सिंह, बंशीलाल अहिरवार सुरेंद्र मरकाम, जयशंकर कटारे, नरेंद्र सिंह मालवे,चंद्रभान गुर्जर,उजयार सिंह लोधी, महेंद्र पटेल, बीरालाल लोधी।श्रीमती बिनय नागा,सुश्री श्यामवती बारसकर, सुश्री पुष्पा चौकसे आदि सहित बड़ी संख्या में अन्य शिक्षक साथी विशेष रूप से उपस्थित रहे।उपस्थित सभी वक्ताओं ने श्री राजपूत जी के श्रेष्ठ कार्यों से सभी को अवगत कराते हुए कहा कि
आपने केवल 9 वर्ष के अल्प सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा से परिपूर्ण अपने शैक्षिक दायित्वों का जिस प्रकार कुशल दायित्व निर्वहन किया हम सभी के लिए प्रेरणादायक रहेगा कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुमार श्रीवास द्वारा एवं संस्था प्रमुख सुरेंद्र बुनकर जी ने उपस्थित समस्त महानुभावों का आभार व्यक्त किया |
: नरसिंहपुर,मतदान दलों के प्रशिक्षण में पहुंचे कलेक्टर
Wed, Jun 29, 2022
मतदान दलों के प्रशिक्षण में पहुंचे कलेक्टर
नरसिंहपुर। नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर के तहत पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारियों का द्वितीय एवं अंतिम प्रशिक्षण शासकीय महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज नरसिंहपुर में बुधवार को सम्पन्न हुआ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रोहित सिंह प्रशिक्षण में पहुंचे।इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, मास्टर ट्रेनर्स और पीठासीन व मतदान दल के अधिकारी व अन्य अधिकारी मौजूद थे।निर्वाचन संबंधी कार्य का प्रशिक्षण लेने वाले अधिकारियों से कलेक्टर ने कहा कि वे अपना काम पूरी निष्ठा से करें। कार्य सम्पादन के दौरान कोई त्रुटि नहीं होनी चाहिये। पूरी ऊर्जा, स्फूर्ति एवं सजगता के साथ प्रशिक्षण लें। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कोई कमी या गलती संज्ञान में आने पर तुरंत बतायें। सेक्टर अधिकारी सूचनाओं के सम्प्रेषण के लिए सजग रहें और आवश्यकतानुसार वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दें। संवाद करके समस्या या कठिनाई का निदान करें। सभी अधिकारी ईवीएम संचालन का अच्छे से प्रशिक्षण लें। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
नगरीय निकाय आम निर्वाचन- 2022 के मद्देनजर कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने नरसिंहपुर के शासकीय स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज, टैगोर शासकीय प्राथमिक कन्या शाला और पुलिस लाईन की शासकीय संजय माध्यमिक शाला में बनाये गये मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं, फर्नीचर, विद्युत आदि व्यवस्था के प्रबंध के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
नगरीय निकाय नरसिंहपुर के निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए लगी कर्मचारियों की ड्यूटी
नरसिंहपुर। नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर के निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नगरीय निकाय निर्वाचन नरसिंहपुर श्री राजेश शाह ने 17 कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव सम्पन्न होने तक के लिए लगाई।इस सिलसिले में सम्पत्ति विरूपण संबंधी कार्यवाही, प्राप्त शिकायतों के निराकरण, वाहन की व्यवस्था करने, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में सहायक, प्रत्याशियों को प्रचार- प्रसार संबंधी सभी स्वीकृतियां देने और उनके अभिकर्ताओं के लिए पास जारी करने के दायित्व उक्त कर्मचारियों को सौंपे गये हैं।
नरसिंहपुर नगरीय निकाय स्तरीय निर्वाचन कंट्रोल रूम स्थापित
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नगरीय निकाय निर्वाचन नरसिंहपुर श्री राजेश शाह ने नरसिंहपुर नगरीय निकाय स्तरीय निर्वाचन कंट्रोल रूम स्थापित करने का आदेश जारी किया है। इस कंट्रोल रूम का टेलीफोन नम्बर 07792- 230887 है।नगरीय निकाय स्तरीय कंट्रोल रूम में दो शिफ्टों में प्रात: 9 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक और अपरान्ह 4 बजे से रात्रि 11 बजे तक के लिए 10 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। तीन कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है।ड्यूटी पर नियुक्त कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि कंट्रोल रूम में प्रात: सूचना व शिकायतों को तत्काल संबंधित तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही सौंपे गये कार्यों का तत्परता से निष्पादन करें।
चुनाव मोबाइल एप में मिलेगी चुनाव संबंधी जानकारी
नरसिंहपुर। नगरीय निकाय एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन वर्ष- 2022 के लिए मतदाता एवं अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु “चुनाव” मोबाइल एप (एंड्राइड आधारित) को अद्यतन किया गया है। एप के माध्यम से चुनाव संबंधी जानकारियाँ प्राप्त की जा सकती हैं।सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री राकेश सिंह ने जानकारी दी है कि ''चुनाव'' एप में मतदाता की जानकारी, महापौर, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य पद के अभ्यर्थी की जानकारी मय शपथ-पत्र के सार-पत्र अनुसार उपलब्ध है। एप में महापौर, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम भी मिलेंगे।
नगरीय निकाय निर्वाचन में नहीं है स्टार प्रचारक का प्रावधान
नरसिंहपुर। सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री राकेश सिंह ने जानकारी दी है कि वर्तमान में नगरीय निकाय निर्वाचन में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा स्टार प्रचारक के संबंध में कोई प्रावधान नहीं किए गए है। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थी के निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले व्यय को निर्वाचन व्यय में शामिल किया जाएगा।श्री सिंह ने बताया है कि महापौर के अभ्यर्थी के प्रकरण में सम्पूर्ण नगरीय निकाय क्षेत्र की सीमा तथा पार्षद के अभ्यर्थी के प्रकरण में उसके वार्ड की सीमा निर्वाचन क्षेत्र के रूप में चिन्हित है। एक ही मंच से एक से अधिक प्रत्याशियों की सभा होने की स्थिति में महापौर तथा पार्षद के प्रकरण में व्यय का विभाजन व्यय की अधिकतम सीमा के अनुपात में किया जाएगा। एक से अधिक पार्षदों की सभा के प्रकरण में पार्षदों के मध्य व्यय समान रूप से विभाजित किया जाएगा। निर्वाचन प्रचार के लिए बाहर से आने वाले व्यक्तियों पर होने वाले यात्रा व्यय को व्यय में शामिल नहीं किया जाएगा।
: नरसिंहपुर, कलेक्टर ने की नगरीय निकाय निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा
Wed, Jun 29, 2022
कलेक्टर ने की नगरीय निकाय निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा
नरसिंहपुर।कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने नगरीय निकाय निर्वाचन- 2022 की तैयारियों की समीक्षा बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में की। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव के मतदान की प्रक्रिया को जिले में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी सेक्टर अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों, सभी एसडीएम, नोडल अधिकारियों और निर्वाचन से जुड़े अमले को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसी तरह पूरी सजगता से नगरीय निकाय निर्वाचन के कार्य को सम्पन्न करायें।बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
सभी मतदान केन्द्रों का भ्रमण करें,अधिकारी बेहतर समन्वय से कार्य करे
कलेक्टर ने कहा कि आरओ हैंड बुक व पीठासीन अधिकारी की डायरी का भलीभांति अध्ययन कर नियमानुसार निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण करें। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों और नियमों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जावे। पीठासीन अधिकारी बेहतर समन्वय व मॉनीटरिंग से निर्वाचन प्रक्रिया पर पूरी तरह नियंत्रण रखें। सभी नगरीय निकायों के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर वहां की स्थिति, रास्ते एवं जरूरी व्यवस्थाओं का आंकलन कर लें। सभी अधिकारी आपस में समन्वय बनाकर कार्य करें और निरंतर संवाद बनाये रखें। निर्वाचन प्रशिक्षण संबंधी प्रश्न बैंक तैयार करवा लें। निर्वाचन प्रशिक्षण अच्छे से करवायें। रिजर्व मतदान दल की ट्रेनिंग भी कराई जावे। मतदान दल में लगे शतप्रतिशत अमले को पोस्टल बैलेट की सुविधा मिलना सुनिश्चित किया जावे।
मतदान शुरू होने से पहले मॉकपोल अवश्य करायें,बरसात के मौसम को देखते हुए सभी व्यवस्थायें पुख्ता रहें
श्री सिंह ने कहा कि मतदान केन्द्रों की दीवार पर निर्धारित जानकारी स्पष्ट रूप से लिखी जावे। कुल मतदाताओं की संख्या भी दर्शायी जाये। मतदान शुरू होने के पहले मॉकपोल अवश्य करायें। इस बात की जानकारी भी रहना चाहिये कि मॉकपोल के समय अभ्यर्थी के पोलिंग एजेंट मौजूद रहें। प्रत्येक दो घंटे में होने वाले मतदान की रिपोर्ट तत्परता से भेजी जावे। वोटिंग समाप्ति के बाद क्लोज बटन अनिवार्य रूप से दवाई जाये। नोडल अधिकारी सौंपे गये दायित्वों का सजगता से निर्वहन करें। मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी के लिए सभी व्यवस्थायें पुख्ता रहना चाहिये। बरसात के मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थायें की जायें। बरसात को देखते हुए नदी- घाटों पर होमगार्ड मुस्तैद रहें। मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें पहले से ही कर ली जावें। मतदान सामग्री जमा करते समय सभी आवश्यक प्रपत्र सही ढंग से भरे जावें। उन्होंने शिकायत सेल द्वारा तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने नगरीय निकाय चुनाव के लिए सुचारू विद्युत एवं परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि मतदाता जागरूकता के लिए सेंस गतिविधियां सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में लगातार चलती रहें। उन्होंने संवेदनशील मतदान केन्द्रों की जानकारी लेकर आवश्यक व्यवस्था के लिए निर्देशित किया।