: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार, कलेक्टर ने किया मूंग खरीदी केन्द्र का निरीक्षण
Wed, Aug 31, 2022
कलेक्टर ने किया मूंग खरीदी केन्द्र का निरीक्षण
नरसिंहपुर। कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने करेली विकासखंड के ग्राम कठौतिया के सेंट्रल वेयर हाऊस में बनाये गये मूंग खरीदी केन्द्र का बुधवार को निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी के लिए की गई व्यवस्थाओं का मुआयना किया। कलेक्टर ने मूंग बेचने के लिए आये किसानों से चर्चा की और व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। उन्होंने किसानों को एसएमएस करने की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि मूंग खरीदी की सभी व्यवस्थायें अच्छी रहें, किसानों को कोई असुविधा नहीं हो।कलेक्टर ने अपने सामने मूंग की तौल करवाई। उन्होंने कहा कि निर्धारित एफएक्यू गुणवत्ता की मूंग खरीदी सुनिश्चित की जाये। श्री सिंह ने नमी मापक यंत्र से उपार्जित मूंग को चैक करवाया। उन्होंने खरीदी केन्द्र पर किसानों के पंजीयन और उनसे मूंग खरीदी की जानकारी ली। कलेक्टर ने उपार्जित मूंग की बोरी पर टैग लगाने और उस पर स्पष्ट जानकारी अंकित होने के बारे में पूछा।
कलेक्टर ने की कृषकों से चर्चा,प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर दिया जोर
नरसिंहपुर। कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने ग्राम पंचायत बटेसरा के कृषक श्री रविशंकर रजक के खेतों में जाकर उनसे चर्चा की। श्री रविशंकर रजक ने अपने खेतों में गन्ना, धान की फसल लगाई है। उक्त जानकारी उन्होंने कलेक्टर श्री सिंह को दी। कृषक श्री रजक ने बताया कि वर्ष 2013 से प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा दे रहे हैं। फसल अवशेष को वे जलाते नहीं हैं। फसलों के उत्पादन एवं मृदा की उर्वरता को बनाये रखने के लिए कृषक श्री रजक ने अपने खेतों में कनई भी लगाई है। कनई एक प्रकार का पौधा होता है, जो मृदा में नाईट्रोजन फिक्सेशन का कार्य करता है। श्री रजक द्वारा क्षेत्र के अन्य कृषकों का समूह भी बनाया गया है, जिसमें वे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं।इसके अलावा कृषक श्री रजक प्राकृतिक खेती के द्वारा गुड़ का भी निर्माण करते हैं। यह बगैर किसी कैमिकल के तैयार किया जाता है। इसका स्वाद बहुत बढ़िया होता है। इस अवसर पर कलेक्टर सिंह ने गुड़ भी चखा। इस दौरान उप संचालक कृषि श्री राजेश त्रिपाठी, सहायक मिट्टी परीक्षण अधिकारी डॉ. आरएन पटैल व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
रेत के अवैध परिवहन पर 3 ट्रेक्टर- ट्राली व एक ऑटो रिक्शा जप्त
नरसिंहपुर। कलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग द्वारा रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार 30 अगस्त को गाडरवारा तहसील क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते पाये जाने पर 3 ट्रेक्टर- ट्राली एवं एक ऑटो रिक्शा को जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में संबंधित थाने में रखा गया है। इन वाहनों के विरूद्ध खनिज नियमों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।इस सिलसिले में ट्रेक्टर- ट्राली क्रमांक एमपी 38 एए 9497, एमपी 49 एबी 0531 एवं एमपी 40 एबी 3323 को तीन- तीन घनमीटर रेत का अवैध परिवहन करते पाये जाने पर जप्त किया गया है। इसी तरह दो घनमीटर रेत का अवैध परिवहन करते पाये जाने पर ऑटो रिक्शा क्रमांक एमपी 49 के 0313 को जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
: कुंडलपुर क्षेत्र कमेटी की बैठक संपन्न
Wed, Aug 31, 2022
कुंडलपुर श्री दिगंबर सिद्ध क्षेत्र कुंडलगिरी कुंडलपुर की प्रबंध कारिणी ,स्थाई आमंत्रित समिति की एक आवश्यक बैठक दमोह स्थित औषधालय के जैन भवन के कुंडलपुर कार्यालय में संपन्न हुई ।बैठक की अध्यक्षता कुंडलपुर क्षेत्र कमेटी अध्यक्ष श्री चंद्र कुमार सराफ ने की। मंगलाचरण नेमचंद बजाज कोषाध्यक्ष द्वारा किया गया। बैठक का संचालन इंजीनियर आरके जैन समन्वयक द्वारा किया गया। महामंत्री रूप चंद जैन संगम, उपाध्यक्ष देवेंद्र सेठ ,रतन चंद जी ,अजीत कण्डया द्वारा विषय सूची अनुसार प्रत्येक बिंदुओं को सदस्यों के विचार विमर्श हेतु रखते हुए गहन विचार विमर्श कर अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए ।अत्यंत आवश्यक भुगतान करने संबंधित विषय एवं अन्य दूसरे विषयों के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। पूज्य बड़े बाबा मंदिर निर्माण संबंधित जानकारी मंत्री रीतेश मोनू गांगरा ने देते हुए बताया कि मंदिर निर्माण का कार्य निरंतर जारी है, परम पूज्य आचार्य गुरुवर का आशीर्वाद लेने अध्यक्ष जी सहित अन्य पदाधिकारी शिरपुर (महाराष्ट्र )अंतरिक्ष पारसनाथ गए थे जहां पूज्य गुरुदेव का मंगल आशीर्वाद प्राप्त हुआ, बड़े बाबा मंदिर निर्माण क़े शेष कार्यों की विस्तृत कार्य योजना बनाकर मंदिर निर्माण के शेष कार्यों को गति प्रदान की जाएगी । मंदिर की लाइटिंग हेतु इटली की कंपनी से लाइटिंग सामग्री मंगाई गई है लाइटिंग का प्रोजेक्ट का भी सदस्यो को अवलोकन कराया गया जिसका बजट भी पारित हुआ। बड़े बाबा के भव्य मंदिर को भव्य आकर्षक लाइटिंग से सुसज्जित किया जाएगा । अध्यक्ष चंद्र कुमार सराफ ने बताया कि कुंडलपुर क्षेत्र की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने विभिन्न समितियां बनाकर सदस्यों को प्रभार सौंपा जा रहा है ।प्रचार मंत्री जयकुमार जलज ने दशलक्षण पर्व पर कुंडलपुर में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। मंत्री ललित सराफ ने आभार व्यक्त किया ।बैठक में हटा ,पटेरा ,कुम्हारी ,पथरिया, दमोह सहित बहुतायत पदाधिकारी सदस्यों की उपस्थिति रही।
: गाडरवारा ,इनर व्हील क्लब पिंक पेटल्स ने शाला के लिए चटाइयां प्रदान की
Wed, Aug 31, 2022
गाडरवारा। गत दिवस क्षेत्र के साईंखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला मिड़वानी मे इनर व्हील क्लब पिंक पेटल्स गाडरवारा से क्लब प्रसिडेंट श्रीमती वंदना राठी, सेक्रेटरी श्रीमती अंकिता जैन, श्रीमती खुशी जैन एवं श्रीमती विजेता कौरव का आगमन हुआ । इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला और हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों को बैठने के लिए चटाइयां उपहार स्वरूप प्रदान की । इसके अलावा उनके द्वारा प्राथमिक शाला के नन्हे मुन्ने बच्चो को भी पेंसिल, गुल्लक सहित अनेको उपहार क्लब के द्वारा प्रदान किये गए जिससे बच्चे अतिप्रसन्न हुए। क्लब के द्वारा सभी शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने शाला की शैक्षणिक योजनाओं और शाला में शैक्षिक उन्नति के लिए हो रहे कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। साथ ही भविष्य मे शाला के छात्रों की शैक्षिक उन्नति के लिए क्लब ने अपनी सहभागिता और सहयोग का भरोसा शाला परिवार को दिया है। इस अवसर पर संमस्त शिक्षक एवं छात्र छात्राएँ उपस्थित रहे ।