: जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता संपन्न
Sat, Jul 27, 2024
हरदा 27 जुलाई 24/ मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड , स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के तत्वाधान में जिला स्तरीय मध्य प्रदेश टूरिज्म क्विज का आयोजन शनिवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम के लिए जिले के 75 विद्यालयों के 225 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था,जिसमे से 63 विद्यालयों के 189 विद्यार्थी अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक विद्यार्थियों की उपस्थिति ली गई। इसके उपरांत उन्हे स्वल्पाहार कराया गया, इसके पश्चात प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक टूरिज्म पर आधारित लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे विद्यार्थियों को भोजन कराया गया तत्पश्चात दोपहर 2 बजे लिखित परीक्षा में विजेता 6 टीमों के नाम की घोषणा की गई इसमें जिसमें द फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन हरदा प्रथम स्थान पर द्वितीय स्थान पर ज्ञान गंगा हाई सेकेंडरी स्कूल हरदा तृतीय स्थान पर नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी चतुर्थ स्थान पर सनशाइन स्कूल सिराली पांचवें स्थान पर शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल मसनगांव और छठवें स्थान पर सी एम राइस विद्यालय करताना रहा और उनके साथ मल्टीमीडिया क्विज का आयोजन किया गया इन छः टीमों में से कुल 18 विद्यार्थी मल्टीमीडिया क्विज में सम्मिलित हुए क्विज का आयोजन दोपपर 2ः30 बजे से 4ः30 तक किया गया, मल्टीमीडिया क्विज में द फाउंडेशन ऑफ़ एजुकेशन स्कूल हरदा प्रथम स्थान पर द्वितीय स्थान पर सनशाइन स्कूल सिराली तृतीय स्थान पर नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी चतुर्थ स्थान पर ज्ञान गंगा हाई सेकेंडरी स्कूल हरदा पांचवें स्थान पर शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल मसनगांव एवं छठवें स्थान पर सी एम राइस विद्यालय करताना रहा ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अशोक कुमार डेहरिया, श्री बलवंत पटेल प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी हरदा रहे । इसके कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती सरिता तोमर , श्री डी के साहू प्राचार्य हाई स्कूल रेहटा कला भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र,गिफ्ट कूपन एवं मेडल प्रदान किए गए। विजेता टीम प्रदेश के किसी भी होटल में दो रातें और टीन दिनों का विशेष टूर पैकेज और उप विजेता तीन टीमों को प्रदेश के किसी भी होटल में एक रात और 2 दिनों का टूर पैकेज मध्य प्रदेश टूरिज्म की और से निशुल्क प्रदान किया जाएगा जिसमें वे जिले के क्विज मास्टर नितिन सोनी के साथ सम्मिलित होंगे । कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री अशोक कुमार डेहरिया ने बताया कि यह कार्यक्रम 2016 से मध्य प्रदेश के समस्त जिलो में एक साथ आयोजित किया जा रहा है,कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओ में प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरो ,पर्यटन स्थलो ,लोक नृत्यों,लोक संस्कृति आदि के बारे में जागरूकता लाना है ।
: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार,परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री ने ली विभागीय बैठक
Sat, Jul 27, 2024
परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री ने ली विभागीय बैठक
नरसिंहपुर,।प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग, परिवहन एवं अन्य विभागों की विस्तार से समीक्षा की। इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, तेंदूखेड़ा विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल, गोटेगांव विधायक श्री महेन्द्र नागेश, कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, पूर्व विधायक गाडरवारा श्रीमती साधना स्थापक, सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजली शाह, सहायक कलेक्टर श्री शुभम यादव, अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण मौजूद थे। बैठक में मंत्री श्री सिंह ने समग्र शिक्षा पोर्टल पर वर्ष 2023- 24 एवं 2024- 25 में मैप छात्रों की विकासखंडवार जानकारी, कक्षा पहली से कक्षा 12 वीं तक की कक्षाओं में विद्यार्थियों के प्रवेश एवं उनकी उपस्थिति की जानकारी ली। विद्यालयों में शिक्षक और विद्यार्थियों की उपस्थिति की समीक्षा भी इस दौरान करते हुए उन्होंने कहा कि बीईओ एवं बीआरसी द्वारा जुलाई माह तक कितने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया है। इसकी पूरी जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को प्रस्तुत की जाये। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलने वाले शिक्षकों पर तत्काल सख्ती से कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। हायर सेकेंडरी स्कूलों में आईसीटी लैब भी संचालित की जा रही है। इन लैब की सूची भी जनप्रतिनिधियों को प्रदान की जाये। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जिले के कक्षा 8 वीं तक के निजी स्कूलों को विगत एक वर्ष में जो मान्यता दी गई है, उनमें राज्य शासन द्वारा निर्धारित मान्यता के मापदंडों का परीक्षण करें। इन स्कूलों का मौके पर जाकर फिजिकल वैरीफिकेशन करवायें। जिला शिक्षा अधिकारी श्री अनिल व्यौहार ने बताया कि जिले में सीएम राइज स्कूल के शाला भवनों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस पर मंत्री श्री सिंह ने निर्देश देते हुए कहा कि इन शाला भवनों का निर्माण गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निर्धारित की गई समयावधि में ही किये जायें। बैठक में सीएम राइज स्कूल डोभी और करेली के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश पीआईयू विभाग के अधिकारी को दिये। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की समय अवधि किसी भी स्थिति में नहीं बढ़ाई जायेगी, इसके लिए संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट रूप से निर्देश देकर ताकीद किया जाये। जिले में बीआरसी, बीएसी एवं जनशिक्षकों की रिक्त पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। इन नियुक्तियों का पुनरीक्षण जिला पंचायत सीईओ द्वारा किया जाये। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि नये शैक्षणिक सत्र 2024- 25 में स्कूल बैग नीति का पालन समस्त शासकीय एवं निजी विद्यालय करें। जिले के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के बैग के वजन की सतत मॉनीटरिंग के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिये। शासकीय स्कूलों के डिस्मेंटल किये जाने वाले भवनों को चिन्हित कर डिस्मेंटल की कार्यवाही की जाये। इसके अलावा शिक्षकों के उच्च पद प्रभार काउंसलिंग का कार्य पूर्ण कर उनके युक्तियुक्तकरण एक सप्ताह के भीतर किया जाना सुनिश्चित करें। परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि विभाग द्वारा ओव्हरलोर्डिंग करने वाले वाहनों पर सख्ती से कार्यवाही की जाये। नाबालिग बच्चे वाहन न चलायें, इसके लिए समझाइश दी जाये। आटो में स्कूली बच्चों की संख्या निर्धारित हो। इसके लिए आटो एसोसिएशन के साथ आरटीओ चर्चा करें। गाडरवारा विधानसभा अंतर्गत नल- जल योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पूर्ण हो चुकी जिन योजनाओं को हैंडओव्हर किया जा चुका है, उनकी सूची जनप्रतिनिधियों को प्रदान की जाये। इन योजनाओं का संतुष्टि प्रमाण पत्र पीएचई अधिकारी प्रदान करेंगे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जिले में नल- जल योजना का क्रियान्वयन आदर्श रूप में हो, यह पीएचई विभाग का अमला सुनिश्चित करें। विद्युत विभाग द्वारा त्वरित रूप से रिस्पांश कर ट्रांसफार्मर लगाये जाने का कार्य हो। अधिक बिजली बिल आने के प्रकरणों की समीक्षा की जाये। जिन क्षेत्रों में बिजली प्रवाह बंद किया जाना है, उसकी पूर्व सूचना दी जाये। विद्युत विभाग के अधिकारी द्वारा भारत सरकार की आरडीएसएस योजना की जानकारी बैठक में दी गई। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि इस योजना की डीपीआर जनप्रतिनिधियों को दी जाये।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत सड़क के उन्नयन की स्वीकृति
बैठक में पीएमजीएसवाय अधिकारी श्री मदन कोरी ने बताया कि गाडरवारा एवं गोटेगांव में 244.48 लाख रुपये लागत की 3.50 किमी गाडरवारा सांईखेड़ा रोड देतपोन तिगड्डा से धनौरा, 617.04 लाख रुपये लागत की 6.09 किमी धनौरा रोड़ से अजंदा ढिगसरा, 878.78 लाख रुपये लागत की 9.35 किमी गाडरवारा पिपरिया रोड से ढिगसरा, 122.92 लाख रुपये लागत की 1.55 किमी बम्होरी रोड से निवारी, 148.81 लाख रुपये लागत की 2.01 किमी बम्होरी रोड से खिरिया और 253.430 लाख रुपये लागत के 2.590 किमी चामचौन से सांगई, 304.740 लाख रुपये लागत की 2.500 किमी नरसिंहपुर जबलपुर रोड से नोनी, 216.090 लाख रुपये लागत की 2.300 किमी नोनी से करेलीकला, 348.890 लाख रुपये लागत की 2.418 किमी करेलीकला से गांगई, 383.500 लाख रुपये लागत की 3.480 किमी ओबी रोड से गर्रा, 512.510 लाख रुपये लागत की 4.610 किमी ओबी रोड से गुंदरई और 533.990 लाख रुपये लागत की 4.150 किमी गुंदरई से बेलखेड़ी मार्ग राज्य सरकार के उन्नयन मद से स्वीकृत हुई है। प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत बाबई चीचली ब्लॉक की मोहपानी से बड़ागांव 40 करोड़ रुपये लागत की 29 किमी एवं मोहपानी- बड़ागांव रोड से भिलमाढाना 13 करोड़ रुपये की 12.5 किमी सड़क निर्माण की स्वीकृति हो चुकी है, जिसका टेंडर भी जारी हो चुका है।
विधायक ने किया पौधारोपण
नरसिंहपुर।एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत विधायक श्री महेन्द्र नागेश की मौजूदगी में हनुमान मंदिर परिसर में पौधरोपण किया। यह पौधरोपण कार्यक्रम मप्र जनअभियान परिषद की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति देवनगरनया द्वारा किया गया। विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, मप्र जनअभियान परिषद व आम नागरिकों ने यहां सिंदूर, आवला, अशोक, नीम आदि के पौधे रोपे। पौधरोपण में जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र- छात्राओं तथा नर्मदा सेवा समितियों के साथ- साथ सामाजिक, धार्मिक, अशासकीय संगठनों व आम नागरिकों ने अपनी सहभागिता दी है। मप्र जनअभियान परिषद की ग्राम विकास प्रस्फुटन देवनगरनया द्वारा सेक्टर की नवांकुर संस्था, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति डोंगरगांव तथा ब्रह्मर्षि वशिष्ठ शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान नरसिंहपुर की अगुवाई में 51 पौधों का रोपण किया। रोपे गये सभी पौधों को अंकुर अभियान के वायुदूत एप पर अपलोड किया गया है।
: मंत्री ने किया विद्यार्थियों से संवाद एवम पौधारोपण
Sat, Jul 27, 2024
मंत्री श्री सिंह ने किया विद्यार्थियों से संवाद
नरसिंहपुर।प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने जिले के चीचली विकासखंड के ग्राम बसुरिया में एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां छात्र- छात्राओं से शैक्षणिक व्यवस्था सहित अन्य विषयों को लेकर संवाद किया।मंत्री श्री सिंह ने संवाद करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि वे खूब मन लगाकर पढ़ाई करें। शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जायेगी। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थी अपना बेहतर प्रदर्शन करें इसके लिए हर संभव सहयोग किया जायेगा।
मंत्री श्री सिंह ने किया पौधरोपण
एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत जिले की ग्राम पंचायत बसुरिया में मंत्री श्री सिंह ने पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने की अपील की।