: नरसिंहपुर,जिले में हुआ “आयुष आपके द्वार” अभियान का शुभारंभ
Fri, Sep 3, 2021
नरसिंहपुर ।
देश की आजादी के 75 वर्ष होने पर आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के
“आयुष आपके द्वार”
अभियान का शुभारंभ जिला मुख्यालय पर नरसिंहपुर में विधायक श्री जालम सिंह पटैल ने शुक्रवार को किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन, भगवान धनवंतरी के पूजन व कन्या पूजन से हुआ।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री वेद प्रकाश, अपर कलेक्टर श्री मनोज ठाकुर, श्री बंटी सलूजा, श्री अजय साहू, श्री भगवान सिंह पटैल, जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुरत्ना सिंह चौहान, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व नागरिक मौजूद थे।
विधायक श्री जालम सिंह पटैल ने आयुर्वेद एवं औषधीय पौधों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि औषधीय पौधे एवं उनके लाभ और आयुर्वेद के बारे में जागरूकता बढ़ाई जाना चाहिये। वर्तमान में इनके व्यापक प्रचार- प्रसार की जरूरत है, ताकि लोग इसका अधिकाधिक लाभ ले सकें। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आमजन को आयुष एवं औषधीय पौधों का लाभ दिलाने के लिए मुहिम शुरू की है। हमें अपने आसपास उपलब्ध औषधीय पौधों के महत्व के बारे में जानना जरूरी है। इस बारे में आयुष विभाग लोगों को औषधीय पौधों के महत्व के बारे में जानकारी दे। जिले में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आंवला, पारिजात, सहजन- मुनगा, तुलसी आदि के बारे में लोग जानते हैं, इनके औषधीय एवं पोषण संबंधी महत्व के बारे में जानकारी आयुष विभाग द्वारा दी जानी चाहिये।
कलेक्टर श्री वेद प्रकाश ने जिले में पाये जाने वाले औषधीय पौधों की जानकारी संकलित कर डिसप्ले करने के निर्देश सहायक संचालक उद्यानिकी को दिये। उन्होंने जिला आयुष अधिकारी को निर्देशित किया कि वे औषधीय पौधों के उपयोग के बारे में व्यापक प्रचार- प्रसार करना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन इसका अधिकाधिक लाभ ले सकें।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुरत्ना सिंह चौहान ने अभियान के बारे में जानकारी दी और बताया कि पूरे जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं औषधीय पौधों को बढ़ावा देने के लिए 1500 पौधे लगाये जायेंगे। पूरे देश में इस अभियान के दौरान एक वर्ष में 75 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। आमजन भी अपने घर में औषधीय पौधे लगा सकते हैं। अभियान के दौरान लोगों को औषधीय पौधों का वितरण भी किया जायेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के बारे में लोगों में जागरूकता लाना है। साथ ही औषधीय पौधों के महत्व को जन- जन तक पहुंचाना है, ताकि लोग अपने घरों में औषधीय पौधों को लगाकर उनका लाभ लें।
पौधरोपण
इस मौके पर उद्यानिकी परिसर में विधायक श्री पटैल एवं कलेक्टर श्री वेद प्रकाश ने आंवले के पौधे रोपे। अन्य औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया। यहां उन्होंने औषधीय महत्व के पौधों का वितरण भी किया।
: खंडवा,कानून से ऊपर कोई नहीं मंत्री डॉ. मिश्रा
Fri, Sep 3, 2021
गृह मंत्री ने खंडवा में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए दिए सख्त निर्देश
खंडवा
। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस कंट्रोल रूम खंडवा में जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ की स्थिति में कोई समझौता नहीं किया जाए। कानून का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। कानून से बढ़कर कोई नहीं है।
गृह मंत्री डॉ.मिश्रा ने अधिकारियों से जिले की जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह ने जिले की 3 वर्षो की उपलब्धि से अवगत कराया। बैठक में खण्डवा विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा, पंधाना विधायक श्री राम दांगोरे, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, आई जी श्री हरिनारायणचारी मिश्र, डीआईजी श्री तिलक सिंह सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
: मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नर्मदा नदी पर बने उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण किया
Fri, Sep 3, 2021
आवागमन सुगम होने के साथ होगी समय की बचत,49 करोड 56 लाख की लागत से बना पुल
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले के आंवली घाट के पास नर्मदा नदी पर 49 करोड़ 56 लाख की लागत से निर्मित पुल का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस पुल के बन जाने से लोगों का आवागमन सुगम होगा और समय भी बचेगा।
लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैंने जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तब प्रदेश कोरोना संकट से जूझ रहा था। हमारी पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना थी। हमने अस्थाई अस्पतालों का निर्माण, ऑक्सीजन और दवाओं की व्यवस्था, इलाज के लिए सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए दिन-रात काम किया। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण प्रदेश का विकास प्रभावित हुआ है, लेकिन अब फिर से विकास के पथ पर प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान कहा कि कोरोना संकट के दौरान प्रदेश के किसानों से मूंग का उपार्जन किया गया। गरीबों को मुफ्त राशन वितरित किया। बहनें अपने पैरों पर खड़ी हो सके, इसके लिए प्रदेश के 800 स्व-सहायता समूह को 160 करोड़ रुपए का बैंक लिंकेज और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का काम किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीबों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे वे विभिन्न चिन्हित निजी अस्पतालों में भी इलाज करा सकें। प्रदेश के विकास में धन की किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
सीहोर जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि कोरोना नियंत्रण के लिए मध्यप्रदेश के क्राइसिस मैनेजमेंट मॉडल की पूरे देश में सराहना की गई। उन्होंने कहा कि टीकाकरण में भी हमने रिकॉर्ड बनाया है। प्रदेश के 18 वर्ष से अधिक आयु के 4 करोड़ 72 लाख से अधिक नागरिकों का टीकाकरण किया गया है। विदिशा सांसद श्री रमाकांत भार्गव तथा होशंगाबाद सांसद श्री उदय प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।