: नरसिंहपुर ,बगासपुर एवं श्रीनगर में कलेक्टर द्वारा गौशाला का निरीक्षण
Sat, Oct 30, 2021
नरसिंहपुर |
कलेक्टर रोहित सिंह ने गोटेगांव तहसील के अंतर्गत बगासपुर एवं श्रीनगर में गौशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थायें देखी और आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर ने गौशालाओं में निरीक्षण करने के निर्देश पशु चिकित्सक के लिए दिये। श्री सिंह ने मवेशियों की टैगिंग कराने की हिदायत भी दी। उन्होंने गौशालाओं एवं ग्राम पंचायतों में विजिट पंजी रखने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि गौशालाओं में दाना, पानी, चारा- भूसा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहना चाहिये।
बगासपुर
कलेक्टर ने बगासपुर में गौशाला के निरीक्षण के दौरान मवेशियों, चारा- पानी आदि की जानकारी ली। कलेक्टर को बताया गया कि गौशाला का संचालन एवं देखरेख ग्राम पंचायत द्वारा की जाती है। यहां अभी चारागाह नहीं बना है। कलेक्टर ने एसडीएम को चरनोई भूमि से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिये। यहां मौजूद कृषकों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर कृषक भूसा एवं चारे की उपलब्धता गौशालाओं में करवायें। साथ ही गौशाला में फेंसिंग कराने के लिए भी आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मवेशियों की खुराक के लिए ज्वार का उपयोग भी किया जा सकता है। इसमें भी ज्वार उपजाने वाले कृषक गौशालाओं के लिए चारा उपलब्ध करायें।
श्रीनगर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को बताया गया कि श्रीनगर की गौशाला में 228 मवेशी हैं। कलेक्टर ने गौशाला की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने गौशाला के समीप उत्खनन नहीं होने देने के लिए एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर ने गौशाला की एक बीमार गाय के त्वरित समुचित उपचार कराने के निर्देश उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें को दिये।
: नरसिंहपुर शिक्षक निलंबित
Sat, Oct 30, 2021
नरसिंहपुर |
बगैर सूचना के स्कूल से अनुपस्थित रहने के कारण स्कूल बंद होने पर शासकीय प्राथमिक शाला सांवलरानी के दो शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबित किया है। इस विद्यालय के बंद रहने के कारण प्रथम दृष्टया दोषी पाये जाने के आरोप में सहायक शिक्षक आनंद मोहन शर्मा और प्राथमिक शिक्षक श्रीमती अमिता शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इन शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नरसिंहपुर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
उल्लेखनीय है कि संकुल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डांगीढाना के अंतर्गत सांवलरानी की शासकीय प्राथमिक शाला के 29 अक्टूबर को बंद होने की शिकायत ग्रामवासियों द्वारा की गई थी। ग्रामवासियों ने शिकायत की थी कि इस स्कूल के शिक्षक बगैर सूचना के अनुपस्थित हैं।
: नरसिंहपुर, गोटेगांव गौरतला में कलेक्टर ने की कृषकों से चर्चा
Sat, Oct 30, 2021
मवेशियों के लिए चारा उपलब्ध कराने के लिए किया प्रेरित
नरसिंहपुर।
कलेक्टर रोहित सिंह ने शुक्रवार को गोटेगांव के ग्राम गौरतला में कृषक रोहित अग्रवाल एवं भरत पटैल से चर्चा की। कृषक अग्रवाल द्वारा बताया गया कि उनका 50 एकड़ रकबा है, जिसमें 20 एकड़ में ज्वार की फसल कृषि विभाग के अधिकारियों के सहयोग से लगाई गई है। उन्होंने बताया कि ज्वार की फसल का समर्थन मूल्य 2750 रूपये क्विंटल है एवं इसमें प्रति एकड़ उत्पादन भी बहुत अधिक है। इसका चारा पशुओं के लिए लाभदायक है। उन्होंने बताया कि वे अपनी फसलों के लिए वर्मीकम्पोस्ट का उपयोग करते हैं। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा उनके कृषि कार्य को देखकर प्रशंसा की गई। कलेक्टर ने कहा कि आप जैसे कृषक दूसरे कृषकों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।
इस दौरान कलेक्टर सिंह ने कृषकों से चर्चा करते हुए बताया कि विगत दिवस कृषि उत्पादन आयुक्त द्वारा ली गई बैठक में नरसिंहपुर जिले में 1500 हेक्टर में केला फसल एवं राइपनिंग चेम्बर हेतु कृषकों को अनुदान दिये जाने की स्वीकृति दी गई है। इसका कृषक अधिकाधिक लाभ लें। कृषक रोहित अग्रवाल द्वारा आश्वस्त किया गया कि वे अपनी 20 एकड़ में लगाई गई ज्वार की फसल का चारा गौशालाओं को प्रदान करेंगे। कलेक्टर सिंह द्वारा इसकी प्रशंसा की गई। साथ ही ग्राम तरवारा के कृषक श्री भरत पटैल ने भी कहा कि मवेशियों के चारे की आवश्यकता की पूर्ति के लिए वे हर संभव मदद करने के लिए तैयार हैं। कलेक्टर ने कहा कि सभी कृषक अगर इसके लिए सहयोग करेंगे, तो गौशालाओं में मवेशियों की देखरेख अच्छे से हो सकेगी। साथ ही मवेशी निराश्रित अवस्था में नहीं घूमेंगे और इससे आवागमन में सुगमता होगी एवं सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।