: नरसिंहपुर,परिवहन नियमों के उल्लंघन पर तीन वाहन जब्त
Sat, Apr 30, 2022
परिवहन नियमों के उल्लंघन पर तीन वाहन जब्त
नरसिंहपुर। कलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देश पर परिवहन नियमों के विरूद्ध संचालित वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरूवार को जिला परिवहन कार्यालय की टीम द्वारा परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन वाहन क्रमांक एमपी 20 एचबी 0506, एमपी 20 एचबी 3415 और एमपी 20 जीए 8295 को जब्त कर जिला परिवहन कार्यालय में खड़ा किया गया है। इन प्रकरणों में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
ओव्हर लोड गिट्टी व बगैर ईटीपी के तीन वाहन जब्त,संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई
नरसिंहपुर, 29 अप्रैल 2022. कलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देश पर परिवहन नियमों के विरूद्ध संचालित वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरूवार को खनिज, पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई की गई।इस सिलसिले में संयुक्त टीम ने गोटेगांव तहसील के लाठगांव में ओव्हर लोड गिट्टी का एक वाहन और तेंदूखेड़ा में ओव्हर लोड गिट्टी का एक वाहन व बगैर ईटीपी के एक वाहन को जब्त किया गया। जब्तशुदा तीनों वाहन पुलिस अभिरक्षा में खड़े किये गये।कार्रवाई के दौरान एसडीएम श्रीमती निधि सिंह गोहल, खनिज अधिकारी श्री ओपी बघेल, अन्य अधिकारी व पुलिस का अमला मौजूद था।
स्वच्छता के बारे में जागरूकता बढ़ाने नगरीय निकायों में बनाई गई मानव श्रृखंला
नरसिंहपुर।. स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के अंतर्गत कलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देशानुसार स्वच्छता के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले के नगरीय निकायों में शुक्रवार को मानव श्रृखंला बनाई गई।नगरीय निकाय नरसिंहपुर के विभिन्न वार्डों में मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को अपने आसपास साफ- सफाई रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान वार्डों में सफाई कर्मियों द्वारा उत्साह के साथ साफ- सफाई की गई। नोडल अधिकारियों ने स्वच्छता अभियान के कार्यों का अवलोकन किया।
: गोटेगांव के जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्यायें,मौके पर ही हुआ समस्याओं का निदान
Sat, Apr 30, 2022
गोटेगांव के जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्यायें,
मौके पर ही हुआ समस्याओं का निदा
नरसिंहपुर।
प्रोजेक्ट निदान के तहत जिले की नगर पालिका परिषद गोटेगांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर श्री रोहित सिंह शुक्रवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहुंचे और नगर भ्रमण किया। जनपद कार्यालय परिसर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्होंने नागरिकों से बात की और उनकी समस्यायें जानी। उन्होंने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी भी ली।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि किसी भी नागरिक को अपने काम के लिए दफ्तर नहीं भटकना पड़े। किसी को भी पानी की समस्या नहीं होना चाहिये।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य, एसडीएम श्रीमती निधि सिंह गोहल, नोडल अधिकारी और नागरिक मौजूद थे।
वार्ड प्रभारी को निलंबित करने व उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
कलेक्टर ने गोटेगांव के वार्ड क्रमांक एक से 15 तक की समस्याओं की जानकारी ली। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने शिकायत मिलने और असंतोषजनक कार्य पाये जाने पर गोटेगांव के वार्ड क्रमांक एक आजाद वार्ड के वार्ड प्रभारी श्री अनुराग उपाध्याय को निलंबित करने के निर्देश दिये। उन्होंने नगर पालिका के कम्प्यूटर ऑपरेटर पेंशन श्री रंजीत जैन की सेवायें समाप्त करने का नोटिस देने और उपयंत्री श्री चंदन सिंह राजपूत को कारण बताओ नोटिस जारी करने की हिदायत दी।
एक दिव्यांग को व्हीलचेयर व एक को कान की मशीन देने के निर्देश
कलेक्टर के निर्देश पर 6 नागरिकों को मिला तत्काल लाभ
शिविर में एक दिव्यांग बालक कमलेश चौधरी ने कलेक्टर को अपनी समस्या बताई। इस पर उन्होंने इस बालक को तत्काल व्हीलचेयर देने के निर्देश दिये। इसी तरह मोनू ठाकुर ने कान की मशीन दिलाने का आग्रह कलेक्टर से किया। इस पर कलेक्टर ने तत्काल कान की मशीन दिलाने के निर्देश दिये। शैलेष सोनी के आवेदन पर कलेक्टर ने तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिये। यहां मनोज सोनी ने राशन कार्ड नहीं बने होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने तत्काल राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। गुड्डी बाई ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तत्काल दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिये। उन्होंने वार्ड क्रमांक 4 की सुनीता सिलावट को खाद्यान्न पात्रता पर्ची जारी करने के निर्देश दिये।
वार्डवार समस्याओं की समीक्षा
कलेक्टर ने नगर पालिका गोटेगांव की वार्डवार समस्याओं की समीक्षा की और निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। वार्ड क्रमांक एक में रेवाराम ने पानी की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने तत्काल पानी की समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने और ट्यूबवेल लगवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। वार्ड क्रमांक एक में रोड और नाली की समस्या नागरिकों द्वारा बताये जाने पर कलेक्टर ने एस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिेये और तात्कालिक राहत के लिए अस्थाई व्यवस्था बनाने की हिदायत दी।
वार्ड क्रमांक दो में नाली निर्माण कराने और एक आवेदक का राशन कार्ड आज ही बनाने के सख्त निर्देश कलेक्टर ने दिये।
उन्होंने वार्ड क्रमांक तीन में तीन दिन के भीतर बिजली का खंभा लगवाने के निर्देश दिये। लोगों ने नाली की साफ- सफाई व मच्छरमार दवाई का छिड़काव करवाने और व्यापारी संघ ने सुलभ शौचालय की साफ- सफाई कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
वार्ड क्रमांक चार में बीपीएल कार्ड संबंधी शिकायत की आज ही जांच करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। शांति बाई ने पेंशन नहीं मिलने और एक आवेदक ने आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। इस संबंध में कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।
वार्ड क्रमांक 5 में जमुना बाई की प्रधानमंत्री आवास बनवाने के लिए राशि दिलाने की मांग की पर कलेक्टर ने आज ही खाते में राशि डलवाने के निर्देश दिये। यहां 10 आवेदकों ने पट्टा दिलाने के लिए आवेदन दिया।
वार्ड क्रमांक 7 में शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने उपयंत्री श्री चंदन सिंह राजपूत को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। लोगों ने यहां राशन दुकान बढ़ाने की मांग की।
वार्ड क्रमांक 8 में लोगों ने नाली व रोड निर्माण और नाली की साफ- सफाई कराने की मांग की। इस संबंध में कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
वार्ड क्रमांक 9 में मकान टैक्स के बारे में प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिये। यहां किशनलाल ने राशन व पेंशन दिलाने के लिए आवेदन दिया। यहां 8 व्यक्तियों ने बिजली का हाई वोल्टेज तार उनके मकान के समीप से हटवाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तीन दिन के भीतर हाई वोल्टेज तार हटवाने के निर्देश दिये।
वार्ड क्रमांक 11 में दो आवेदन, वार्ड क्रमांक 12 में ई- रिक्शा के लिए एक आवेदन और अन्य वार्डों में आवास योजना का लाभ दिलाने, शौचालय आदि के संबंध में लोगों ने अपने- अपने आवेदन दिये। इन आवेदनों पर समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया।
: दिव्यांगजन को सक्षम बनाने में समाज की भूमिका महत्वपूर्ण- पटेल
Sat, Apr 30, 2022
दिव्यांगजन पुनर्वास में सांस्कृतिक और खेल-कूद गतिविधियों के आयोजन जरूरी,राज्यपाल वार्षिक उत्सव सामर्थ्य 2022 समारोह में शामिल हुए
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि दिव्यांगजन को सक्षम बनाने और अन्य लोगों के साथ समान स्तर महसूस कराने में समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारा संविधान संयुक्त समाज पर बल देता है। दिव्यांग समाज का अभिन्न अंग है, उन्हें समाज में सम्मान का पूरा अधिकार है। हम सब का दायित्व है कि दिव्यांग भाई-बहनों और बच्चों की समस्याओं को समझें, उनकी प्रतिभा को पहचानें और उसे निखारने में मदद करें। उन्होंने कहा कि पुनर्वास तथा सामुदायिक भावना के विकास के लिए मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियाँ और विभिन्न खेल-कूद के आयोजन बहुत महत्वपूर्ण हैं।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में दिग्दर्शिका पुनर्वास और अनुसंधान संस्थान द्वारा आयोजित वार्षिक उत्सव सामर्थ्य 2022 समारोह को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कार्यक्रम में समस्त उपस्थित दर्शकों को खड़ा करवा कर आधे मिनिट तक करतल ध्वनि से ऑडिटोरियम को गुंजायमान कर, दिव्यांग बच्चों की दिव्य और भव्य प्रस्तुति का उत्साहवर्धन किया। दिव्यांग बच्चों ने कला, कौशल और क्षमता का अद्भुत समागम कृष्ण कथा की प्रस्तुति दी। विशेष शिक्षा के बी.एड., एम.एड. पाठ्यक्रमों की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ के लोक नृत्य सुआ की प्रस्तुति दी।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि शारीरिक और मानसिक सीमाओं से पीड़ितों का पुनर्वास वास्तव में उनकी क्षमताओं के लिए पर्यावरण को अनुकूलित करना है। उन्हें काम पर, घर पर और सार्वजनिक स्थानों पर हर किसी की तरह जीने में सक्षम बनाना है। उनके चिकित्सकीय पुनर्वास के साथ ही सामाजिक पुनर्वास पर भी बल दिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा प्रयोग किया जा रहे दिव्यांग शब्द की अपने पारिवारिक अनुभवों के आधार पर सार्थकता बताई। उन्होंने टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले गायन प्रतिस्पर्धा के कार्यक्रम में प्रतिभागिता कर रही नेत्र बाधित दिव्यांग बालिका का उल्लेख् किया। बताया कि बच्ची द्वारा टी.वी. पर प्रसारित होने वाले एक अन्य कार्यक्रम के गीतों को सुनकर स्वर की साधना करना, राजभवन में पदस्थ कर्मचारी द्वारा एक बार में ही आवाज सुनकर व्यक्ति को पहचानना उनकी दिव्य क्षमताओं को बताता है।
राज्यपाल ने कार्यक्रम में दिव्यांग नेशनल ओलिम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता श्री सुमंत काले और राष्ट्रीय स्वीमिंग में गोल्ड मेडल विजेता 10 वर्षीय बालिका कुमारी मिष्टी आमले को दिव्यांग पुनर्वास प्रयासों में विशिष्ट योगदान के लिये श्री आदित्य सक्सेना दंपत्ती और श्री नकुल मुदगल का सम्मान किया।
बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर.जे. राव ने कहा कि दिव्यांगजन की विभिन्न श्रेणियों के पुनर्वास प्रयासों में विशेष शिक्षा की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। इस क्षेत्र में शिक्षकों की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा विशेष शिक्षा के स्नातक और स्नाकोत्तर पाठ्यक्रमों की व्यवस्था की है।
राज्यपाल का संस्था के चेयरमैन पूर्व मुख्य सचिव श्री शरद चन्द्र बेहार ने स्वागत किया। स्वागत उदबोधन संस्था के संस्थापक सदस्य श्री सुमित राय ने दिया। कार्यपालक निदेशक श्रीमती उषा उपाध्याय ने संस्था की प्रगति, गतिविधियों और उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। आभार प्रदर्शन नि:शक्तजन आयुक्त श्री संदीप रजक ने किया। संचालन श्री अनुज ठाकुर ने किया।