: है अकेलापन सभी में,,विषधरों की बस्तियों में कोई तो शंकर रहे। डॉ.सुशील शर्मा
Tue, Sep 27, 2022
है अकेलापन सभी मेंहैं यहाँ अविराम भीड़ें
चल रहीं हैं दिग्भ्रमित
है अकेलापन सभी में
कौन किससे क्या कहे ?धूप के आगोश में हैं
दूब की परछाइयाँ ।
रक्तरंजित स्वप्न देखें
रात की तनहाइयाँ
उड़ गए पंछी क्षितिज में
नीड़ अब वीरान हैं ।
शब्द कोलाहल भरे हैं
भाव सब सुनसान हैं।झूठ द्विगुणित हो रहा है
सत्य निर्वासन सहे।झूठ की फसलें खड़ी हैं
सत्य के परिवेश में।
रावणों की बस्तियाँ हैं
राम के इस देश में।
अँजुरी भर चाँदनी में
रात भर जीना मुझे ।
दर्द के पैमाने भरे हैं
उम्र भर पीना तुझे।विषधरों की बस्तियों में
कोई तो शंकर रहे।
: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Mon, Sep 26, 2022
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न
नरसिंहपुर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई।बैठक में राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, कलेक्टर श्री रोहित सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, डीएफओ श्री पीडी गेब्रियल, अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य, श्री अभिलाष मिश्रा, श्री महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी सहित समिति के अन्य सदस्य और अधिकारी मौजूद थे।बैठक में शिक्षा विभाग के तहत ऐसे प्राथमिक विद्यालयों जिनमें दर्ज संख्या 20 से कम एवं माध्यमिक विद्यालयों जिनमें दर्ज संख्या 40 से कम है, में शिक्षक एवं छात्र अनुपात के अनुसार पदस्थ शिक्षकों, जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत मुख्यमंत्री सुदूरवर्ती ग्राम सम्पर्क सड़क योजना, एनएचएम, प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना एवं दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना, सीएम राइज स्कूल की जिले में प्रगति की समीक्षा की गई।नल- जल योजना के तहत सर्टिफिकेट भौतिक सत्यापन के बाद ही दिया जायेबैठक में सांसद श्री सिंह ने प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों एवं छात्रों की जानकारी ली और कहा कि दर्ज संख्या के आधार पर शिक्षकों की संख्या समानुपातिक रूप से हो। इस संबंध में युक्तियुक्तकरण के लिए समिति का गठन किये जाने पर विचार- विमर्श किया गया। जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना की समीक्षा के दौरान बैठक में ईई पीएचई ने बताया कि जिले में 140 नल- जल योजनायें पूर्ण हो चुकी हैं। सांसद श्री सिंह ने ईई पीएचई को निर्देश दिये कि मैदानी अमला विभागीय योजनाओं का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। क्षमता के अनुसार ही खुदाई कार्य हो व पाईप लाइन बिछाई जाये। सड़क खुदाई होने पर उसे समय सीमा में रिस्टोर किया जाये। पुरानी नल- जल योजनायें दुरूस्त की जायें। नल- जल योजना के तहत नलों का व्यवस्थित संचालन शुरू हो जाने के बाद ही प्रमाण पत्र दिया जाये और हैंडओव्हर होने के बाद ही शेष राशि का भुगतान हों। उन्होंने डीपीसी को निर्देशित किया कि वे खराब हैंडपंप वाले स्कूलों की सूची तैयार करें। स्कूल के नलों, हैंडपंप के सुधार का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण करायें। किसी भी स्कूल में पीने के पानी की समस्या नहीं होना चाहिये।
लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रमों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी जाये
पीएमजीएसवाय के तहत जिले में प्रगतिरत एवं पूर्ण मार्गों एवं पुलों की समीक्षा की गई। जो सड़कें पूर्ण हो चुकी हैं, उनकी जानकारी देने के निर्देश जीएम एमपीआरडीसी श्री विष्णु टेंटवाल को दिये गये। श्री टेंटवाल सड़क निर्माण की प्रगति एवं पूर्णता की जानकारी का प्रचार- प्रसार करायेंगे। विभिन्न निर्माण कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन के कार्यक्रम की सूचना जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश दिये गये। सांसद श्री सिंह ने जर्जर बिलहरा- गुंदरई मार्ग और कठौतिया- लिंगा मार्ग को दुरूस्त कराने के निर्देश दिये।
अस्पतालों में मिले गुणवतायुक्त भोजन
बैठक में सीएमएचओ से ममता एवं आस्था अभियान की जानकारी ली गई और निश्चय मित्र में पंजीयन करवाने के लिए कहा गया। क्षय रोग के मरीजों को एडाप्ट करने की अपील बैठक में की गई। सांसद श्री सिंह ने लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कार्यों एवं एनएचएम की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय में 108 एम्बुलेंस के नाम पर मनमानी वसूली नहीं होना चाहिये। सरकारी अस्पतालों में स्थापित एक्स- रे मशीन ऑपरेटर द्वारा संचालित होना चाहिये। यह सुनिश्चित किया जावे कि जिला अस्पताल परिसर में अवांछनीय तत्व मौजूद नहीं रहें। उन्होंने इस संबंध में गाडरवारा सिविल अस्पताल के प्रबंधन की सराहना की।बैठक में निर्देशित किया गया कि जिला अस्पताल में मरीजों एवं परिजनों को अच्छा खाना मिलना चाहिये। सांसद श्री सोनी ने सांसद निधि से रोटी बनाने की मशीन एवं कपड़ा धुलाई की मशीन लगवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि दवाईयों के वितरण का ऑडिट होना चाहिये। उन्होंने एक्सपायरी दवाईयों के डिस्पोजल की जानकारी ली।
बीपीएल सूची से अपात्र व्यक्तियों का नाम हटाया जाये
बैठक में प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना एवं दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना की समीक्षा की गई। दिशा समिति ने मारेगांव में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की अनुशंसा की। बैठक में निर्देशित किया गया कि सभी विद्युत वितरण केन्द्र में हर सप्ताह सुनवाई की जावे। अपात्र व्यक्तियों को बीपीएल सूची से हटाया जाये। भूमि स्वामी के आधार पर भी बीपीएल की पात्रता का आंकलन किया जावे।
खरीदी केन्द्रों पर गड़बड़ी करने वालों पर हो एफआईआर दर्ज
सांसद श्री सिंह ने समर्थन मूल्य पर अनाज खरीदी के केन्द्रों पर गड़बड़ी करने वालों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि विविधीकरण के फायदे के बारे में जानकारी दी जाये। मवेशियों में लंपी वायरस की रोकथाम के लिए टीकाकरण कराया जाये और जागरूकता शिविर लगाये जायें। समीपवर्ती जिलों के गांवों में भी मवेशियों का टीकाकरण किया जावे। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों क्षेत्रों से निकलने वाली सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को लगे टैग के आधार पर उनके मालिकों के विरूद्ध जुर्माना की कार्रवाई की जा रही है। आवारा मवेशियों को गौशाला भी भेजा जा रहा है।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए किसान पंजीयन 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक होगा
किसानों के पंजीयन के लिए जिले में 72 पंजीयन केन्द्र निर्धारितनरसिंहपुर। राज्य शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार खरीफ विपणन मौसम 2022- 23 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा की खरीदी किये जाने के लिए किसान पंजीयन का कार्य 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक किया जायेगा। शासन के निर्देशानुसार जिले में किसानों के पंजीयन के लिए 72 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किये हैं।इस सिलसिले में तहसील नरसिंहपुर में सेवा सहकारी संस्था सिंहपुर, धमना, मुंगवानी- पाठापिपरिया, नयागांव, बचई- करहैया, लोकीपार, डांगीढाना, वृहत्ताकार सेवा सहकारी संस्था नरसिंहपुर, नरसिंह फॉरमेर्स क्रॉप प्रोड्यूसर कंपनी नरसिंहपुर और प्राथमिक सहकारी समिति गोरखपुर के समिति परिसर, तहसील करेली में वृहत्ताकार सेवा सहकारी संस्था करेली एवं आमगांवबड़ा, सेवा सहकारी संस्था करताज एवं सुआतला, आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था कोदसा, प्राथमिक सहकारी समिति रामपिपरिया, केरपानी- सरसला एवं हिरनपुर- बरमान, करेली आर्गेनिक फारर्मस प्रोड्यूसर कम्पनी लि. करेली और सहकारी विपणन संस्था करेली के समिति परिसर, तहसील गोटेगांव में सेवा सहकारी संस्था वेदू, सूरवारी, सिमरीबड़ी, उमरिया, लाठगांव, जमुनिया, सिमरिया एवं बरहेटा, वृहत्ताकार सेवा सहकारी संस्था गोटेगांव एवं करकबेल, प्राथमिक सहकारी समिति इमलिया- कामती एवं मेख और आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था श्रीनगर के परिसर, तहसील तेंदूखेड़ा में वृहत्ताकार सेवा सहकारी संस्था चांवरपाठा, तेंदूखेड़ा एवं डोभी और प्राथमिक सहकारी समिति बिलगुवां, रम्पुरा, काचरकोना एवं बिलहेरा के परिसर, तहसील गाडरवारा में सहकारी विपणन संस्था गाडरवारा, सेवा सहकारी संस्था सिहोरा, महगुवां खुर्द, सीरेगांव, चीचली, पचामा, मारेगांव, खैरूआ, खुलरी, कौंड़िया, सहावन, बाबईकलां, इमलिया- पिपरिया, कामती एवं डुंगरिया, आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था गोटीटोरिया, वृहत्ताकार सेवा सहकारी संस्था करपगांव एवं गाडरवारा, प्राथमिक सहकारी समिति बोहानी, चिर्रिया एवं इमझिरी, विपणन सहकारी समिति चीचली और गाडरवारा आर्गेनिक फारमर्स प्रोड्यूसर कम्पनी लि. गाडरवारा के परिसर, तहसील सांईखेड़ा में सेवा सहकारी समिति नांदनेर, आड़ेगांव, खुरसीपार, बनवारी, तूमड़ा, रम्पुरा एवं सासबहू और वृहताकार सेवा सहकारी संस्था पलोहा में किसान पंजीयन का कार्य किया जायेगा।एमपी ऑनलाइन एवं कॉमन सर्विस सेंटर- सीएससी कियोस्क, निजी साइबर कैफे भी शासन के निर्देशानुसार आवेदन कर पंजीयन का कार्य विधिवत फैलेक्स तथा निर्धारित पंजीयन शुल्क अधिकतम 50 रूपये की सूचना प्रदर्शित करते हुए पंजीयन का कार्य कर सकेंगे। इसके लिए जिला प्रबंधक लोक सेवा केन्द्र शासन के निर्देशानुसार विधिवत कार्य सम्पन्न करायेंगे।.
सुरक्षित स्कूल ट्रांसपोर्टेशन संबंधी कार्यशाला सम्पन्न
नरसिंहपुर। सुरक्षित स्कूल ट्रांसपोर्टेशन के संबंध में कार्यशाला का आयोजन डाईट सभाकक्ष में सम्पन्न हुआ। कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शिवहरे ने स्कूल बस के ड्रायवर, कंडक्टर व स्टाफ के पुलिस सत्यापन की आवश्यकता के बारे में बताया। उन्होंने महिला सुरक्षा के संबंध में विस्तार से चर्चा की। जिला परिवहन अधिकारी डॉ. जितेन्द्र शर्मा ने स्कूल वाहनों के संचालन के संबंध में सीबीएसई द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार वाहन संचालन के लिए निर्देशित किया।इस दौरान स्कूल संचालकों को स्कूली वाहन के संबंध में चेकलिस्ट प्रदान की गई। साथ ही व्हीएलटीडी एवं पैनिक बटन स्कूल बस में लगवाने के निर्देश दिये गये। इस मौके पर स्कूली वाहन संचालकों ने अपनी समस्यायें बताई, जिनका निदान किया गया। स्कूल वाहन संचालकों ने स्कूल वाहन को निर्धारित मानक के अनुरूप तैयार कराने के लिए कुछ समय देने की बात कही। इस पर स्कूल संचालकों को 10 दिन के भीतर निर्धारित गाइड लाइन का पालन सुनिश्चित कर वाहन संचालन के लिए निर्देशित किया गया।कार्यशाला में जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुंदर लाल धुर्वे, एडीपीसी श्री गोविंद सिंह पटेल, ट्रैफिक पुलिस के श्री पुष्पराज यादव, स्कूलों के प्राचार्य, ट्रांसपोर्ट एवं वाहन प्रभारी और ट्रांसपोर्टर्स मौजूद रहे।
रोजगार दिवस का कार्यक्रम 29 सितम्बर को
नरसिंहपुर । मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत चलाये जा रहे सेवा पखवाड़े के दौरान 29 सितम्बर को प्रदेशव्यापी क्लस्टर विकास सम्मेलन और रोजगार दिवस का संयुक्त कार्यक्रम पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित किया जायेगा। अपर कलेक्टर ने कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए 10 नोडल अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे हैं।
कलेक्टर ने की मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की समीक्षा
अभियान के क्रियान्वयन में न हो लापरवाही
नरसिंहपुर।
कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने समय सीमा की बैठक में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले शिविरों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिये। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिलना सुनिश्चित होना चाहिये। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ लेने से वंचित नहीं रहे। उन्होंने दिव्यांगों के लिए क्लस्टर स्तर पर मेडिकल बोर्ड के माध्यम से दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिये।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
योजनाओं का हो व्यापक प्रचार- प्रसार
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 13 शिविरों में 139 ग्राम पंचायतें कव्हर हुई हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शिविरों में नोडल व सहायक नोडल अधिकारी आवश्यक रूप से मौजूद रहें और भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत में रखे रजिस्टर में हस्ताक्षर करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा कितनी ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया गया, इसकी सूचना रहनी चाहिये। इसकी समीक्षा की जायेगी। भ्रमण के दौरान कौन अधिकारी कहां जा रहे हैं, इसकी जानकारी देंगे। कलेक्टर ने अभियान के लिए जिला एवं जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन रिर्पोटिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने अभियान के दौरान हुये सर्वे की जनपदवार जानकारी ली। अभियान का व्यापक प्रचार- प्रसार फ्लैक्स, बैनर, पम्पलेट, दीवार लेखन एवं सोशल मीडिया के माध्यम से किया जावे। श्री सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को आसान और सरल शब्दों में दी जावे।
कलेक्टर ने कहा कि जिन शिविरों में नोडल अधिकारी नहीं पहुंचे हैं, वहां फिर से शिविर आयोजित किये जायें। शिविर में अधिकारी निर्धारित समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें। अभियान के दौरान शिविर में नहीं उपस्थित रहने एवं लापरवाही पाये जाने पर कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के ऐई को निलंबित करने और मनरेगा के लेखा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लोगों को अभियान के तहत निर्धारित 33 योजनाओं की जानकारी दी गई है या नहीं, इसकी पुष्टि भी नोडल अधिकारी करें।
उन्होंने कहा कि परिवारों का सर्वे समग्र आईडी के आधार पर होना चाहिये। सर्वे में प्राप्त आवेदनों की जानकारी कलेक्टर ने ली। कलेक्टर ने कहा कि गरीबी रेखा सूची में शामिल अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाये जायें।
शिविर में आने वाले आवेदनों की प्रतिदिन होगी समीक्षा
बैठक में राजस्व विभाग के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा भी की गई। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री पथ विक्रेता योजना का फॉलोअप भी लें। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें। अभियान के दौरान आयोजित शिविर में आने वाले आवेदनों को उसी दिन विभागवार वर्गीकृत कर संबंधित अधिकारी को भेजें। प्रतिदिन प्रात: 10 बजे इसकी मॉनीटरिंग की जाये।
कलेक्टर ने पशुधन संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि गौवंश सड़कों पर नहीं घूमें, इसकी जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय की होगी। सड़कों पर घूमने वाले जिन गौवंश को टैग लगी है, उनके मालिकों को नोटिस जारी कर जुर्माना किया जाये। कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर मूंग एवं उड़द की खरीदी की भी समीक्षा की।
सांसदद्वय ने स्वस्थ बालक स्पर्धा के पुरस्कार किये वितरित
स्वस्थ बालक स्पर्धा के हितग्राही बालक- बालिकाओं और उनके अभिभावकों का हुआ सम्मेलन
नरसिंहपुर।
मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत स्वस्थ बालक स्पर्धा के हितग्राही बालक- बालिकाओं और उनके अभिभावकों का सम्मेलन राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी एवं लोकसभा सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में सोमवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसदद्वय ने स्वस्थ बालक स्पर्धा के पुरस्कार वितरित किये। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम
"सही पोषण, देश रोशन"
रखी गई। सम्मेलन का शुभारंभ कन्या पूजन एवं दीप प्रज्जवलन से किया गया। कार्यक्रम में स्पर्धा में पहले, दूसरे एवं तीसरे स्थान पर आने वाले 48 बच्चों को प्रमाण पत्र और लंच बॉक्स, पानी की बॉटल एवं स्वच्छता किट प्रदान की गई।
इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 178 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही पोषण प्रदर्शनी एवं पोषण मटका के माध्यम से पौष्टिक एवं संतुलित आहार का प्रदर्शन किया गया। उल्लेखनीय है कि पोषण मटका के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों में दर्ज बच्चों के कुपोषण को दूर करने के लिए खाद्यान्न, फल, सब्जियां एकत्रित की जाती हैं।
सम्मेलन में श्री अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी पटैल एवं कृषि समिति के अध्यक्ष श्री सीताराम नामदेव, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती संध्या कोठारी, सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और स्वस्थ बालक स्पर्धा के हितग्राही बालक- बालिकायें और उनके अभिभावक तथा नागरिक मौजूद थे।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद श्री सोनी ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य की बेहतरी में महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्तायें एवं सहायिकाओं की सराहनीय भूमिका है। देश के दूरस्थ अंचल में सुपोषण को व्यापक बनाने में इनका महत्वपूर्ण योगदान है।
लोकसभा सांसद श्री सिंह ने कहा कि बालक- बालिकाओं के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के दौरान आयोजित स्वस्थ बालक स्पर्धा की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य है। बच्चों का स्वास्थ्य अच्छा होगा, तो देश विकसित एवं समृद्ध बनेगा। श्रीमती कोठारी ने विजेता बच्चों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनायें दी।
उल्लेखनीय है कि जिले में 21 से 25 सितम्बर तक सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में स्वस्थ बालक स्पर्धा का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों के शारीरिक माप एवं वृद्धि की निगरानी की गई। बच्चों में साफ- सफाई, स्वच्छता एवं पोषण, गर्म पके खाने की व्यवस्था, टेक होम राशन के उपयोग की स्थिति, निर्धारित समय पर टीकाकरण और कृमिनाशक दवा के सेवन के आधार पर 50 अंक निर्धारित किये गये थे। इन्हीं अंकों में से प्राप्त अंकों के आधार पर पहले, दूसरे एवं तीसरे स्थान पर आये बच्चों को इस सम्मेलन में सम्मानित किया गया। भारत सरकार के निर्देशानुसार जन्म से 3 वर्ष तक और 3 से 6 वर्ष तक के बालक- बालिकाओं के बीच स्वस्थ बालक स्पर्धा का आयोजन किया गया।
: मध्य प्रदेश के प्रमुख समाचार
Mon, Sep 26, 2022
दिशा की बैठक अब 26 सितम्बर को
नरसिंहपुर,। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक अब 26 सितम्बर को दोपहर दो बजे से कार्यालय कलेक्टर नरसिंहपुर के सभाकक्ष में आयोजित की जायेगी। पूर्व में यह बैठक का 15 सितम्बर को आयोजित की जानी थी, अपरिहार्य कारणों से उक्त बैठक स्थगित की गई है।
महाकाल प्रोजेक्ट के लोकार्पण पर प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में की जाए साज-सज्जा : मुख्यमंत्री श्री चौहान
जनजातीय समाज के प्रतिनिधि भी जुड़ेंगे लोकार्पण कार्यक्रम सेप्रधानमंत्री श्री मोदी के उज्जैन आगमन की तैयारियों की समीक्षानरसिंहपुर। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 11 अक्टूबर को उज्जैन प्रवास में महाकाल मंदिर विस्तार परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम की सभी जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने कलेक्टर उज्जैन एवं अन्य अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बैठक में प्रधानमंत्री की यात्रा के संबंध में की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आगमन पर उनके द्वारा किए जाने वाले विभिन्न स्थानों के अवलोकन के लिए निर्धारित स्थलों पर जरूरी प्रबंध किए जाएँ। आमजन को आमंत्रित करने से लेकर कार्यक्रम में हिस्सेदारी के हर पहलू की तैयारी की जाए। लोकार्पण कार्यक्रम के प्रदेशभर में प्रसारण के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। धार्मिक अनुष्ठान करवाने वाले जनजातीय समाज के तड़वी, पटेल, पुजारा और अन्य पुजारी भी लोकार्पण कार्यक्रम से जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इन्हें आमंत्रित करने के संबंध में निर्देश दिए। छह दिवसीय कार्यक्रमों की शुरूआत भगवान महाकाल की सवारी के साथ हो जाएगी। दिनांक 6 से 11 अक्टूबर तक निरंतर चलने वाली गतिविधियों की रूपरेखा निर्धारित की गई है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महाकाल प्रोजेक्ट के लोकार्पण अवसर पर उज्जैन सहित प्रदेश के सभी जिलों में प्रमुख मंदिरों की साज-सज्जा की जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उज्जैन नगर में स्थित 84 महादेव मंदिर की साज-सज्जा, उज्जैन में लोकार्पण कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के प्रमुख प्रतिनिधियों को बुलाने, संतों को आमंत्रित करने, कार्यक्रम से भजन मंडलियों और अखाड़ों को जोड़ने, आमजन को पीले चावल प्रदान कर आमंत्रित करने, प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम के पहले संत सम्मान कार्यक्रम के आयोजन और प्रदेश में विभिन्न नवरात्रि मंडल के माध्यम से महाकाल प्रोजेक्ट के लोकार्पण की सूचना प्रदान करने के संबंध में निर्देश दिए।वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा, अपर मुख्य सचिव गृह श्री राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री मनीष सिंह और प्रमुख सचिव जनसम्पर्क श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उच्च शिक्षा मंत्री श्री मोहन यादव बैठक में वर्चुअली शामिल हुए।
जनता को सरकारी दफ्तर न आना पड़े, गाँव में ही मिले योजनाओं का लाभ : मुख्यमंत्री श्री चौहान
जनता के लिये उत्कृष्ट कार्य करने पर ही मुझे होती है प्रसन्नता और आनंद,मुख्यमंत्री ग्राम डवालीखुर्द के जन-सेवा अभियान शिविर में हुए शामिलनरसिंहपुर। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अब जनता को सरकारी दफ्तरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अधिकारी और कर्मचारी गाँव में ही शिविर लगा कर पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ देंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान बुरहानपुर जिले के ग्राम डवालीखुर्द में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान शिविर को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने लंपी वायरस की रोकथाम और नियंत्रण के लिये टीकाकरण टीम को हरी झण्डी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने टीका दानदाता लंपी योद्धाओं को सम्मानित भी किया।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिये बुरहानपुर जिले के कलेक्टर की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में अमृत सरोवरों के निर्माण और ग्रामीण क्षेत्र में घर-घर पानी पहुँचाने में उत्कृष्ट कार्य किया गया है। ऐसे कार्यों से ही मुझे आनंद और प्रसन्नता होती है। उन्होंने अच्छा काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की टीम को बधाई और शुभकामनाएँ भी दीं।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जल-संवर्धन एवं अमृत सरोवर योजना के 31 करोड़ 18 लाख रूपये से अधिक लागत के 1284 कार्य का रिमोट बटन दबा कर ई-लोकार्पण किया। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना की लाड़ली लक्ष्मियों को प्रमाण-पत्र दिये और आजीविका मिशन अंतर्गत 108 स्व-सहायता समूहों को एक करोड़ 12 लाख रूपये का ऋण प्रदान किया। उन्होंने अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ भी पात्र व्यक्तियों को वितरित किया। मुख्यमंत्री को जिले में नव-निर्मित 75 अमृत सरोवर की पवित्र मिट्टी से निर्मित श्रीगणेश जी की मूर्ति कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने भेंट की। पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस, नेपानगर विधायक श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर और जन-प्रतिनिधि तथा अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्राम भीलखेड़ी के जन-सेवा शिविर में ग्रामीणों से जानी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति
अधिकारियों को मंच पर बुला कर आवेदनों के निराकरण के दिये निर्देश,प्रजापति समाज के लोगों को दिया जायेगा जमीन का पट्टानरसिंहपुर। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जन-कल्याण के लिये प्रदेश में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान अंतर्गत जो शिविर लगाये जा रहे हैं, वे भाषण देने वाले कार्यक्रम नहीं हैं। इन शिविरों में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति को आंकने के साथ योजनाओं के लाभ से वंचित व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जाना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अभियान के लिये चिन्हित केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद तक पहुँचाना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अलीराजपुर जिले के ग्राम भीलखेड़ी में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान शिविर में ग्रामीणों से संवाद किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में ग्रामीणों से हाथ ऊपर उठवा कर स्थिति को जाना। उन्होंने योजना के बेहतर क्रियान्वयन का सकारात्मक फीडबैक मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि योजनाओं से सभी पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने ठोस कार्य-योजना के अनुसार कार्य किया जाये। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मंच पर बुला कर समय-सीमा में सभी पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान शिविर से राज्य सरकार गाँव-गाँव पहुँच कर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ रही है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से अधिकाधिक कृषकों को विशेष प्रयास कर लाभान्वित करें। "राशन आपके ग्राम'' योजना का राशन वितरण वाहन गाँव पहुँच कर राशन वितरित करे, यह सुनिश्चित किया जाये। इस वाहन में जीपीएस सिस्टम लगा कर सतत मॉनीटरिंग की जाये। मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मंच पर बुला कर निर्देश दिये कि आयुष्मान भारत योजना के सभी पात्र व्यक्तियों को आयुष्मान कार्ड बना कर दिये जायें।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रजापति समाज के लोग माटी के शिल्पकार हैं, जिनके पास भूमि नहीं है, उन्हें जमीन का पट्टा दिया जायेगा, जिससे वे सम्मान से अपना काम कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अलीराजपुर में ग्रामीण यातायात व्यवस्था को बेहतर एवं सुविधाजनक बनाने के लिये ग्रामीण परिवहन योजना में जिले को शामिल किया जायेगा। राज्य सरकार स्थानीय पढ़े-लिखे युवाओं को यात्री बस संचालन में सहयोग करेगी।
विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुख्यमंत्री जन-सेवा शिविर में 159 करोड़ रूपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजवर्द्धन सिंह दत्तीगाँव, विधायक श्रीमती सुलोचना रावत, जन-प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ब्लाइंड क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ किया पौध-रोपण
ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप की टीम चयन के लिए 15 राज्यों से भोपाल आए 29 खिलाड़ियों ने लगाए पौधे
इंदौर में 7 दिसम्बर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा ब्लाइंड वर्ल्ड कप मैचनरसिंहपुर। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी उद्यान में क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड एमपी के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा तथा ब्लाइंड वर्ल्ड कप के 29 खिलाड़ियों के साथ पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कचनार, बादाम और मौलश्री के पौधे लगाए।अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि आगामी दिसंबर माह में ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप होने जा रहा है। इसके लिए सिलेक्शन ट्रायल चल रहा है। टीम चयन के लिए 15 राज्यों से 29 खिलाड़ी भोपाल आए हैं। इंदौर में 7 दिसंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्लाइंड वर्ल्ड कप का मैच होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान को एसोसिएशन द्वारा मैच के शुभारंभ के लिए आमंत्रित किया गया।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान को खिलाड़ियों ने ब्लाइंड क्रिकेट की विशेष गेंद भेंट की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया तथा उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दी।मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ सर्वश्री प्रवीण कुमार शर्मा, सुजीत मुंडा, मुकेश कुमार रावत, अंका वेंकटेश्वर राव, एमडी जफर इकबाल, ओमप्रकाश पाल, ललित मीना, नीलेश यादव, सोवेंदु मेहता, सोनू गोलकर, अजय कुमार रेड्डी, वेंकटेश्वर राव दुन्ना, मनीष ए, नकुल बडनायक, गंभीर सिंह चौहान, दीपक सिंह रावत, इरफान दीवान, लोकेश, सुरजीत घारा, दीपक मलिक, सुनील रमेश, तोमपाकी दुर्गा राव, प्रकाश जय रमैय्या, सुखराम मांझी, अमित रवि, दीपक, मोहम्मद अज़ीम, घेवर रेबारी, तथा श्रीजी नागर ने पौध-रोपण किया। इन खिलाड़ियों में सोनू गोलकर और ओम प्रकाश पाल मध्य प्रदेश से है।
पौधों का महत्व
लगाया गया कचनार सुंदर फूलों वाला वृक्ष है। प्रकृति ने कई पेड़-पौधों को औषधीय गुणों से भरपूर रखा है, इन्हीं में से कचनार एक है। बादाम एक मेवा है। इसके पेड़ में गुलाबी और श्वेत रंग के सुंगधित फूल लगते हैं। मौलश्री औषधीय वृक्ष है, इसका सदियों से आयुर्वेद में उपयोग होता आ रहा है।
इंदौर में हुई जघन्य घटना को चिन्हित अपराध में लेकर रिकार्ड समय में आरोपी को करें दंडित :मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर की घटना पर बुलाई आपात बैठकनरसिंहपुर। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में बेटी के साथ हुई जघन्य और ह्रदय विदारक घटना पर पुलिस अधिकारियों की आज सुबह आपात बैठक ली। निवास कार्यालय पर हुई बैठक में पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना उपस्थित थे। इंदौर के अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि इस जघन्य प्रकरण को चिन्हित अपराध में लेकर जल्द सुनवाई करें और रिकॉर्ड समय में आरोपी को दंडित किया जाए। अपराध के प्रमाण और सीसीटीवी फुटेज आदि उपलब्ध है। आरोपी को ऐसा कठोरतम दंड दिया जाए, जिससे बाकी लोगों में भी भय व्याप्त हो।मुख्यमंत्री श्री चौहान को पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा तत्काल पकड़ लिया गया था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर पुलिस को महिलाओं के विररुद्ध अपराधों के मामले में अधिक सजग रहने और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा कॉमेडी आर्टिस्ट और कवि श्री अशोक सुंदरानी के निधन पर शोक व्यक्त
नरसिंहपुर। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सतना जिले के निवासी प्रख्यात कॉमेडी आर्टिस्ट और कवि श्री अशोक सुंदरानी के निधन पर दुख व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि श्री सुंदरानी ने देश-विदेश में अनेक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन किया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत श्री सुंदरानी की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजन को यह दु:ख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।