: सिंहपुर में कलेक्टर द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण
Aditi News Team
Thu, Oct 28, 2021
नरसिंहपुर । कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने सिंहपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाईयों की उपलब्धता, कोविड टीकाकरण, स्टाफ आदि के बारे में जानकारी ली।
इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, सीएमएचओ डॉ. अजय कुमार जैन, तहसीलदार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
पीएचसी सिंहपुर की कलेक्टर ने की प्रशंसा
कलेक्टर श्री सिंह ने पीएचसी सिंहपुर के दवा वितरण कक्ष, ड्रेसिंग रूम, जनरल वार्ड, ओपीडी, प्रसव पूर्व भर्ती वार्ड, पैथोलॉजी सेंटर आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मुआयना किया और आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को ग्रीन हॉस्पिटल के रूप में तैयार करने की बात कही। इसके लिए उन्होंने सोलर पैनल लगवाने पर जोर दिया एवं अस्पताल परिसर में पेवर ब्लाक लगवाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। उन्होंने यहां सरल एवं सुस्पष्ट भाषा में सिटीजन चार्टर की जानकारी प्रदर्शित होने पर स्टाफ को बधाई दी। इसके अलावा डॉ. जीपी भनारिया ने बताया कि स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में उनके द्वारा हर्बल गार्डन विकसित किया गया है। स्वास्थ्य केन्द्र को पूर्व में कायाकल्प अवार्ड भी प्राप्त हो चुका है। इसमें वाटर हार्वेस्टिंग के लिए भी कार्य करने की बात डॉ. जीपी भनारिया ने बताई। कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र में बेहतर व्यवस्थायें होने पर सभी की प्रशंसा की और कहा कि उक्त स्वास्थ्य केन्द्र जिले के अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए आदर्श उदाहरण के रूप में स्थापित होगा।
राशन दुकान का औचक निरीक्षण
कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने सिंहपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की राशन दुकान का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रेट लिस्ट, गेहूं, शक्कर, चांवल और विभिन्न उर्वरकों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है या नहीं। कलेक्टर को अवगत कराया गया कि यूरिया 22 मे. टन, डीएपी 450 मे. टन उपलब्ध है। इस दौरान कलेक्टर ने स्वसहायता समूह की महिलाओं से भी चर्चा की। महिलाओं द्वारा बताया गया कि बिजली आपूर्ति की समस्या हो रही है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने उक्त समस्या का निराकरण शीघ्र करने का आश्वासन दिया और मौका स्थल से ही विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारियों को फोन लगाकर यह कार्य प्राथमिकता से करने के लिए निर्देशित किया।
Tags :

