बड़े बाबा के आंगन में श्रद्धा भक्ति का अद्भुत नजारा दृष्टिगोचर : कुण्डलपुर में सिद्ध चक्र महामंडल विधान में भक्ति का अद्भुत नजारा आज 256 अर्घ चढ़ाए
Aditi News Team
Mon, Apr 6, 2026
कुण्डलपुर में सिद्ध चक्र महामंडल विधान में भक्ति का अद्भुत नजारा आज 256 अर्घ चढ़ाए
कुंडलपुर दमोह। सुप्रसिद्ध सिद्धक्षेत्र जैन तीर्थ कुण्डलपुर में पूज्य बड़े बाबा के आंगन में श्रद्धा भक्ति का अद्भुत नजारा दृष्टिगोचर हो रहा है। यहां आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान में सौधर्म इंद्र चंद्रकुमार सविता जैन, कुबेर इंद्र विवेक जैन मुक्ति जैन खरगोन, महायज्ञ नायक अमित जैन प्रीति जैन जबलपुर, श्रीपाल मैना सुंदरी संचित मोनिका जैन चिरमिरी के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त विधान पूजन में अपनी सहभागिता दर्ज करते हुए अत्यंत भक्ति भाव के साथ अर्घ समर्पित कर रहे हैं। आज विधानाचार्य संजय भैया मुरैना ने प्रवचन में बतलाया कि सिद्धचक्र महामंडल विधान मैना सुंदरी के द्वारा रचाया गया। इस विधान के माध्यम से मैना सुंदरी ने अपने पति के एवं 700 अन्य कुष्ठ रोगियों का रोग दूर किया ।कुष्ठ रोगी पति कामदेव सा सुंदर बन गया। आज 256 अर्घ के माध्यम से कर्मदहन विधान संपन्न हुआ। मनुष्य को शुभाशुभ फलों को देने वाले उनके स्वयं किए हुए कर्म ही हैं। प्रचार मंत्री जयकुमार जैन जलज ने बताया कि कुण्डलपुर में पूज्य बड़े बाबा के समक्ष प्रतिदिन असीम कालीन भक्तामर महामंडल विधान का आयोजन कई वर्षों से अनवरत चल रहा है। इसके साथ ही लगभग प्रतिदिन देश के विभिन्न नगरों से आकर कोई ना कोई भक्त परिवार यहां पर शांति विधान, भक्तामर विधान या बड़े बाबा विधान कर पुन्यार्जन करते हैं। कहा जाता है कि जब बहुत पुण्य प्रबल होता है तब जाकर सिद्धक्षेत्र पर सिद्धप्रभु की आराधना का सौभाग्य प्राप्त होता है। विशेष कर अष्टान्हिका पर्व में जो वर्ष में तीन बार कार्तिक, फाल्गुन, आषाढ़ माह के अंतिम 8 दिन में सिद्धचक्र महामंडल विधान का अनुष्ठान करने का सौभाग्य श्रद्धालु परिवार प्राप्त करते हैं। अपनी सुविधा अनुसार भी सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन करते हैं। देश के विभिन्न राज्यों के विभिन्न नगरों से आकर के श्रद्धालु भक्त परिवार यहां पर विधान का सौभाग्य प्राप्त करते हैं। इस अवसर पर पूज्य बड़े बाबा का अभिषेक शांतिधारा ,रिद्धिकलश करने का सौभाग्य जगदलपुर, पथरिया, उदयपुर,कुण्डलपुर, संभाजीनगर महाराष्ट्र, दुर्ग, सागर ,मंदसौर, कटंगी ,चंदेरी ,जलगांव, आदि स्थान से आए हुए श्रद्धालु भक्तों ने सौभाग्य प्राप्त किया। सांयकाल भक्तामर दीप अर्चना एवं पूज्य बड़े बाबा की संगीतमय भव्य महाआरती हुई।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
कुंडलपुर बड़े बाबा