: कलेक्टर ने किया केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर का औचक निरीक्षण
Thu, Feb 1, 2024
कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर का गुरूवार को औचक निरीक्षण किया। केन्द्रीय जेल में कलेक्टर ने बंदियों के कौशल उन्नयन के लिए संचालित कपड़ा उद्योग, लोह उद्योग, बढ़ई कारखाना, पावरलूम, प्रिटिंग प्रेस, सिलाई कारखाना, जेल में संचालित शिक्षा सदन, पाठशाला, लायब्रेरी, संगीत घर, जेल वाणी, बंदियों की कैश हिस्ट्री की जानकारी के लिए स्थापित कियोस्क मशीन का संचालन, पाकशाला में भोजन व्यवस्था, जेल अस्पताल एवं वार्ड का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने जेल में बंदियों की आवास व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, साफ- सफाई, बंदियों को दिये जाने वाले भोजन, शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाएं एवं न्यायालयीन प्रकरणों के संबंध में बंदियों से पूछा। साथ ही बंदियों को समझाइश दी कि वे जले में रहकर अपना समय अच्छे कार्यों एवं कुशल कारीगरी सीखने में लगायें, जिससे जेल से रिहा होने पर वे समाज में अपना अच्छा स्थान बनाकर पुर्नस्थापित हो सके। जेल में बंदियों के सुधार के लिए किये जा रहे सभी प्रयासों के लिए जेल प्रशासन की सराहना कर जेल की साफ- सफाई एवं अनुशासन की प्रशंसा की। इस मौके पर जेल अधीक्षक श्री अजमेर सिंह ठाकुर, उप जेल अधीक्षक श्री महेश प्रसाद टिकारिया, जेल चिकित्सक श्री शिवम साहू, अष्टकोण प्रभारी श्री एडवर्ड स्वामी, सहायक जेल अधीक्षक श्री आशीष खरे, जेल स्टाफ और सुरक्षा स्टाफ मौजूद था।
: नरसिंहपुर ,कलेक्टर ने दिव्यांग बच्चों से की मुलाक़ात
Thu, Feb 1, 2024
कलेक्टर श्रीमति शीतला पटले डाइट परिसर स्थित दिव्यांग छात्रावास के बच्चों से मिलने पहुँची। यहाँ उन्होंने बच्चों को हारमोनियम और तबला उपहार स्वरूप प्रदान किया। कलेक्टर को अपने बीच पाकर बच्चे ख़ुशी से खिल उठे। बच्चों ने भी इतनी शक्ति हमें देना दाता की धुन हारमोनियम पर बजाकर अपनी ख़ुशी का इज़हार किया। विदित है कि कुछ दिन पूर्व कलेक्टर ने यहाँ का निरीक्षण किया था और बच्चों से पुनः मिलने की बात कही थी। अपनी इसी बात को पूरा करते हुए कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने बुधवार रात्रि में उनसे मुलाक़ात की। इस दौरान ज़िला शिक्षा अधिकारी श्री एचपी कुर्मी, डीपीसी श्री आरसी चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
: कलेक्टर ने की राजस्व महाअभियान की प्रगति की समीक्षा परफार्मेंस को बेहतर करने राजस्व अधिकारियों को दी हिदायत
Thu, Feb 1, 2024
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने राजस्व महाअभियान के तहत जिले में अभी तक किये गये कार्यों की आज बुधवार को आयोजित बैठक में समीक्षा करते हुये जिले में पदस्थ सभी राजस्व अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के दर्ज प्रकरणों का समय सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिये हैं ।श्री सक्सेना ने बैठक में कहा कि राजस्व महाअभियान के दौरान प्राप्त प्रत्येक राजस्व प्रकरण को आरसीएमएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाये और उनका समय सीमा के भीतर निराकरण भी सुनिश्चित किया जाये । कलेक्टर ने राजस्व महाअभियान की प्रगति की अनुभाग और तहसीलवार समीक्षा करते हुये राजस्व अधिकारियों को अपने परफार्मेंस को और बेहतर करने की हिदायत देते हुये कहा वे नहीं चाहते कि किसी को नोटिस दिया जाये या किसी के खिलाफ कार्यवाही हो, लेकिन यदि राजस्व महाअभियान में कुछ अधिकारियों की वजह से जिले के ओवरऑल परफार्मेंस पर प्रभाव पड़ा तो उनको कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है । इसलिये सभी राजस्व अधिकारियों को राजस्व महाअभियान पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित करना होगा, समय रहते अपने स्तर पर जहां भी कमियां रह गई हैं उन्हें दूर करने के प्रयास करने होंगे और बेहतर परिणाम लाकर दिखाना होगा । कलेक्टर श्री सक्सेना ने बैठक में छह माह से अधिक समय से लंबित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के अविवादित प्रकरणों का फरवरी माह के अंत तक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये । उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी ऐसे प्रकरणों के निराकरण के लिये अपने स्तर पर कार्ययोजना बना लें । श्री सक्सेना ने कहा कि उन्हें एक मार्च की स्थिति में अविवादित राजस्व प्रकरणों की पेंडेंसी हर हाल में शून्य दिखनी चाहिये । श्री सक्सेना ने बैठक में अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों से भी कहा कि वे अपने स्तर पर राजस्व महाअभियान की निरंतर समीक्षा करें । उन्होंने कहा कि महाअभियान के तहत किये जा रहे कार्यों की रैंडम जांच के लिये जिला स्तर पर दल गठित किया जायेगा । बैठक में धारणाधिकार योजना के प्रकरणों के निराकरण में भी गति लाने की हिदायत राजस्व अधिकारियों को दी गई । अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा, अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड, सयुंक्त कलेक्टर नदीमा शीरी, एसडीएम आधारताल शिवाली सिंह, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज भी इस बैठक में मौजूद थे । सभी एसडीएम एवं तहसीलदार बैठक में वर्चुअली शामिल हुये