: साईंखेड़ा,स्वतंत्रता की 75 वी वर्षगाँठ पर आयोजित हुए कार्यक्रम
Sat, Mar 13, 2021
साईंखेड़ा। दिनांक12 मार्च 2021 को भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन के साथ, शासकीय महाविद्यालय, साईंखेड़ा के सभागार में महाविद्यालय के यसस्वी प्राचार्य प्रो सतीश दुबे जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में आज़ादी की 75 वी वर्षगांठ ले अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो सतीश दुबे जी ने छात्र-छात्राओं को भारतीय इतिहास के बारे में पढ़ने एवं समझने की सलाह दी तथा आज़ादी के 75 वर्षों को दो भागों में विभाजित किया स्वतंत्रता संग्राम और सत्ता संग्राम। अन्य वक्ताओं में महाविद्यालय के ही nss कार्यक्रम अधिकारी डॉ लक्ष्मीकांत नेमा जी ने विद्यार्थियों को आज़ादी के 75वी वर्षगाँठ पर होने वाले कार्यक्रम से अवगत करवाया। इसके साथ ही श्री देवेन्द्र विश्वकर्मा ने भारत की आज़ादी के 75 वर्षों को तीन भागों में, भूत, वर्तमान एवम भविष्य के कालखंडों को बताया जिसमें जीडीपी एवम कृषि की अवस्था शामिल है।
इसके साथ ही डॉ हर्षित द्विवेदी एवम डॉ शिल्पा शर्मा ने भारत की 75वी वर्षगाँठ को आगामी वर्षों में विश्वगुरु बनने तक के सफर की बात कही। साथ ही इस कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ गणेश सिंह राठौर ने किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री अभिषेक ऐड़े, श्री सी पी राठौर, श्री मनमोहन मालवीय, डॉ संदीप dixit, श्री धर्मेंद्र शुक्ला, सुरेंद्र मिर्धा, श्री राहुल, श्री ब्रजेश एवम श्री घनश्याम का योगदान सराहनीय रहा।
: उज्जैन,मंत्री डॉ.यादव ने श्री महाकालेश्वर अतिथि गृह का शिलान्यास किया
Fri, Mar 12, 2021
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने शुक्रवार को त्रिवेणी संग्रहालय के सामने आयोजित कार्यक्रम में जेके सीमेन्ट कंपनी लिमिटेड के चेयरमेन और प्रबंध निदेशक श्री यदुपति सिंघानिया की स्मृति में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से रूद्र सागर के समीप बनाये जाने वाले श्री महाकालेश्वर अतिथि गृह का शिलान्यास किया।
इस दौरान सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री पारस जैन, पूर्व महापौर श्रीमती मीना जोनवाल, श्री विवेक जोशी, श्री राजेन्द्र भारती, श्री जगदीश अग्रवाल, श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर पालिक निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, स्मार्ट सिटी के श्री धर्मेन्द्र वर्मा एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
अतिथि गृह के शिलान्यास के पश्चात मंत्री डॉ.यादव द्वारा उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 1.79 करोड़ रुपये की लागत से मयूर वन विकास के अतिरिक्त कार्य का शिलान्यास, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 4.96 करोड़ रुपये की लागत से बनाये जाने वाले इंक्यूबेशन सेन्टर का लोकार्पण, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 3.29 करोड़ रुपये की लागत से नूतन विद्यालय एवं गणेश नगर स्कूल एवं उर्दू स्कूल हेतु फर्नीचर का शुभारम्भ, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 1.99 करोड़ रुपये की लागत से नूतन विद्यालय गणेश नगर स्कूल हेतु 400 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर कार्य का शुभारम्भ, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 6.12 करोड़ रुपये की लागत से कालभैरव एवं सिद्धवट पर अधोसंरचना विकास कार्य का शिलान्यास, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 2.38 करोड़ रुपये की लागत से नृसिंह घाट के समीप शिप्रा नदी पर 2 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पम्पिंग स्टेशन एवं रूद्र सागर तक लाइन कार्य का शिलान्यास, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 2.13 करोड़ रुपये की लागत से श्री महाकालेश्वर मन्दिर एवं परिसर में स्थित भवनों पर डायनामिक लाईटिंग कार्य का शुभारम्भ, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 7.23 करोड़ रुपये की लागत से श्री महाकालेश्वर मार्ग क्राउड मैनेजमेंट कार्य का शुभारम्भ, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 3.51 करोड़ रुपये की लागत से सोलर पैनलयुक्त सरफेस पार्किंग शेड कार्य का शिलान्यास, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 12.61 करोड़ रुपये की लागत से रूद्र सागर के समीप सरफेस पार्किंग निर्माण कार्य का शिलान्यास और उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 0.64 करोड़ रुपये की लागत से मृदा परियोजना फायर फाइटिंग सिस्टम कार्य का शुभारम्भ भी किया गया।
मंत्री डॉ.यादव ने इस अवसर पर कहा कि यह अत्यन्त हर्ष का विषय है कि जेके सीमेन्ट कंपनी द्वारा आने वाले समय में श्री महाकालेश्वर अतिथि गृह का निर्माण किया जायेगा। इससे भगवान महाकालेश्वर के दर्शन तथा उज्जैन दर्शन के लिये आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी। यह भवन तीन हजार वर्गमीटर में बनाया जायेगा तथा इसमें पर्याप्त संख्या में कक्ष होंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु यहां ठहर सकें। मंत्री डॉ.यादव ने अपनी ओर से सीमेन्ट कंपनी के पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि महाकाल वन के निर्माण और सौन्दर्यीकरण कार्य में कंपनी की ओर से जो योगदान दिया जा रहा है, यह प्रशंसनीय है। शहर के सौन्दर्यीकरण में अन्य समाजसेवी संगठन भी सहयोग करें।
मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि आने वाले 25 सालों को ध्यान में रखते हुए उज्जैन और महाकालेश्वर मन्दिर का विकास किया जायेगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किये जाने वाले सौन्दर्यीकरण और विकास कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये, ताकि आमजन को कार्यों की जानकारी प्राप्त हो सके।
सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने कहा कि वे जेके सीमेन्ट कंपनी को बहुत धन्यवाद और शुभकामनाएं देते हैं कि उन्होंने भगवान महाकालेश्वर की नगरी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये अतिथि गृह निर्मित किये जाने का बीड़ा उठाया। यह निर्माण शहर के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा। सांसद ने कहा कि बनाये जाने वाले अतिथि गृह के प्रांगण में भगवान महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग अथवा महाकालेश्वर मन्दिर की एक छोटी-सी प्रतिमूर्ति अवश्य बनवाई जाये।
विधायक श्री पारस जैन ने अतिथि गृह के निर्माण पर कंपनी के अधिकारियों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि उज्जैन में निरन्तर विकास के कार्य किये जायेंगे।
पूर्व महापौर श्रीमती मीना जोनवाल ने कहा कि उज्जैन शहर को संवारने का कार्य निरन्तर किया जा रहा है। आने वाले समय में उज्जैन का परिदृश्य कुछ और होगा। जिस प्रकार स्मार्ट सिटी और नगर पालिक निगम द्वारा शहर का विकास किया जा रहा है, ये दोनों संस्थाएं बधाई की पात्र हैं।
: करेली से हुई "आजादी का अमृत महोत्सव” अभियान की शुरूआत
Fri, Mar 12, 2021
करेली। भारत की आजादी के 75 वें वर्ष को पूरे प्रदेश में समारोह पूर्वक मनाने के लिये “आजादी का अमृत महोत्सव” अभियान चलाया जा रहा है। जिले में इस अभियान की शुरूआत 12 मार्च को करेली के शहीद चौक से की गई। यहां राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी और सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह ने आजादी के संघर्ष से जुड़े जन नायकों को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और सरदार वल्लभ भाई पटैल के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
उल्लेखनीय है कि कोष संग्रहण के लिए दौरा करते हुए गांधी जी सन 1933 में इस जिले में आये थे। इस दौरान करेली में एक सभा आयोजित की गई और उन्हें एक थैली भेंट की गई। गांधी जी के आगमन के बाद से आजादी की लड़ाई की गतिविधियों को अत्याधिक प्रोत्साहन मिला और उनमें और अधिक तेजी आई।
इसके पश्चात राज्यसभा सांसद श्री सोनी एवं सांसद श्री सिंह ने गांधी भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा व निरंजन चौक पर कांतिवीर ठाकुर निरंजन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इसके बाद उन्होंने दीनदयाल काम्पलेक्स में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
नरसिंहपुर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण
इसके बाद राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह और विधायक श्री जालम सिंह पटैल ने नरसिंहपुर में गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस दौरान विद्यार्थियों ने गांधी चौक से नगर पालिका चौराहे तक रैली निकाली। रैली में सांसदद्वय एवं विधायक, अधिकारीगण व नागरिक शामिल हुये।
गौरतलब है कि 12 मार्च की तारीख भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक घटना दांडी मार्च से जुड़ी हुई है। यह सन 1930 में महात्मा गांधी द्वारा अंग्रेज सरकार के नमक के ऊपर कर लगाने के कानून के विरूद्ध किया गया सविनय कानून भंग कार्यक्रम था। महात्मा गांधी के नेतृत्व में 78 लोगों द्वारा साबरमती आश्रम से समुद्रतटीय गाँव दांडी तक पैदल यात्रा (390 किलोमीटर) करके 6 अप्रैल 1930 को नमक हाथ में लेकर नमक विरोधी कानून का भंग किया गया था।
भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय-स्तर पर भारत की आजादी के 75वें वर्ष को समारोहपूर्वक मनाने के लिये "आजादी का अमृत महोत्सव" अभियान की देश-व्यापी शुरूआत 75 सप्ताह पूर्व 12 मार्च, 2021 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा साबरमती आश्रम, अहमदाबाद से की गई है। उसी के अनुसरण में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शौर्य स्मारक, भोपाल से प्रदेशव्यापी अभियान का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में करेली से जिले में आजादी का अमृत महोत्सव अभियान की शुरूआत की गई।