: नरसिंहपुर,जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न
Sat, Mar 27, 2021
नरसिंहपुर ।
जिले में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर नरसिंहपुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोकसभा सांसद रावउदय प्रताप सिंह, विधायकद्वय जालम सिंह पटैल, संजय शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष संदीप पटैल, कलेक्टर वेद प्रकाश, पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर मनोज ठाकुर, एएसपी सुनील कुमार शिवहरे, जिला पंचायत सीईओ केके भार्गव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा कोरोना से बचाव एवं रोकथाम के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किये।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए जिले में की जा रही आवश्यक तैयारियों की जानकारी कलेक्टर वेद प्रकाश द्वारा बैठक में दी गई। उन्होंने बताया कि जिले में विगत 6 दिवस में 2387 सैम्पल लिये गये, जिसमें से 151 कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। जिले की पॉजिटिविटी रेट 6.33 है।
जिलेवासियों से मेरी होली- मेरा परिवार मनाने की अपील
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए होलिका दहन एवं शब-ए-बारात को सांकेतिक रूप से मनाया जाये, इसके लिए रात्रि 9 बजे से रात्रि 11 बजे तक का समय निर्धारित किया गया। इनमें किसी भी प्रकार की भीड़ नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिये गये। बैठक में निर्णय लेते हुए कहा गया कि रंगपंचमी के दिन किसी भी प्रकार के जुलूस आदि नहीं निकाला जाये। मेरी होली- मेरा परिवार की अपील करते हुए अपनों के साथ होली का त्यौहार मनाया जाये, जिससे कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके। गांवों में मुनादी करवाई जाये कि बाहर से आने वाले व्यक्तियों की जानकारी स्थानीय स्तर पर प्रदान की जाये। इसी तरह की व्यवस्था नगरीय क्षेत्रों में भी की जाये।
लॉक डाउन अवधि में रहेगी पूर्णत: सख्ती
कलेक्टर श्री वेद प्रकाश द्वारा गृह विभाग द्वारा जारी निर्देशों से भी अवगत कराया गया। इसके अंतर्गत आगामी निर्देशों तक नरसिंहपुर शहर में प्रत्येक रविवार को लॉक डाउन रखा जायेगा। शनिवार रात्रि 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉक डाउन प्रभावी रहेगा। उक्त अवधि में मेडिकल दुकानें, शासकीय उचित मूल्य राशन दुकानें, चिकित्सालय सुचारू रूप से संचालित रहेंगे। समिति सदस्यों द्वारा सुझाव स्वरूप कहा गया कि नरसिंहपुर शहर के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी लॉक डाउन किया जाना उचित होगा, इसके लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव प्रेषित किये जाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। कलेक्टर श्री वेद प्रकाश ने बताया कि लगातार कोविड- 19 की सैंपलिंग भी की जा रही है। जिला चिकित्सालय के अलावा सांईखेड़ा, गाडरवारा, गोटेगांव में कोविड केयर सेंटर प्रारंभ हो चुके हैं। कोविड- 19 के गंभीर मरीजों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कर उपचार किया जायेगा।
निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के लिए अस्थायी जेल का प्रावधान
बैठक में समिति सदस्यों द्वारा कहा गया कि शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई हो। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में अस्थाई जेल का प्रावधान किया गया है। उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जिले में रोको- टोको अभियान सख्ती से चलाया जा रहा है। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वेद प्रकाश द्वारा वैक्सीनेशन की प्रगति की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में कोविड टीकाकरण का प्रतिशत बेहतर है। जिले में चिन्हित कोविड वैक्सीनेशन सेंटरों पर पर्याप्त व्यवस्थायें उपलब्ध हैं। समिति सदस्यों द्वारा कहा गया कि टीकाकरण के दौरान डोज व्यर्थ न हो, इसका भी स्वास्थ्य विभाग का अमला विशेष रूप से ध्यान रखे।
बैठक में ठा. राजीव सिंह, नीरज महाराज, श्री नवीन अग्रवाल, अरूण गुप्ता, राजकुमार पटैल, श्री भगवान सिंह पटैल, सुनील पटैल, रामसनेही पाठक, शिवम नेमा सहित समिति के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।
: नरसिंहपुर,जिले की सपना पटेल को मिला राष्ट्रीय बालश्री अवार्ड
Fri, Mar 26, 2021
नरसिंहपुर,
जिले में निवासरत सपना पटेल पिता श्री इमरत सिंह पटेल, होमगार्ड सैनिक निवासी ग्राम कठौतिया, तहसील करेली जिला नरसिंहपुर को गद्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय बालश्री अवार्ड 2016 मिला है। यह अवार्ड राष्ट्रपति द्वारा दिया जाता है परन्तु वर्तमान में कोविड-19 के बढते संक्रमण के कारण यह अवार्ड कलेक्टर श्री वेद प्रकाश द्वारा प्रदान किया गया।
यह अवार्ड महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रति वर्ष दिया जाता है। इस अवार्ड में प्रशस्तिपत्र के साथ शील्ड व 30000 रूपये की राशि एफडी के रूप में प्रदान की जाती है।
: गाडरवारा,नेशनल लोक अदालत के संबंध में विद्युत विभाग के साथ बैठक
Fri, Mar 26, 2021
गाडरवारा/ म.प्र . राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण , जबलपुर के आदेशानुसार एवं माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष महोदया , जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरसिंहपुर श्रीमति आशा गोधा के निर्देशन में दिनांक 24.03.2021 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के संबंध में आज दिनांक को सिविल न्यायालय गाडरवारा में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक माननीय प्रथम अपर जिला न्यायाधीश श्री संजय वर्मा , प्रभारी विशेष विद्युत एवं विद्युत विभाग से श्री सुभाष राय ई ० . एवं सहायक अभियंता श्री सुधीर कुमार सोनी , श्री के 0 ए 0 अंसारी . सुश्री मोनिका नामदेव , श्री दिलीप भलावी . श्री अखिलेश पाटीदार , श्री राकेश कुमार सिंह , श्री पी 0 के 0 धुर्वे , श्री आरआर ० राठीया , की उपस्थिति में आयोजित हुई । उक्त बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों को अधिक से अधिक प्रकरण नेशनल लोक अदालत में रखे जाने एवं अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण समझौते के आधार पर करवाये जाने हेतु निर्देशित किया गया साथ ही विद्युत विभाग द्वारा दी जा रही छूट के संबंध में व्यापक प्रचार - प्रसार किये जाने , अधिक से अधिक सूचना पत्र जारी किये जाने , तामील कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया ।