: जिससे दूसरों का भला हो वही सुशासन है, मुख्यमंत्री श्री चौहान
Sat, Jan 15, 2022
“
मध्यप्रदेश सुशासन एवं डेवलपमेंट रिपोर्ट" और "सुशासन डायजेस्ट" पत्रिका का विमोचन,सुशासन संस्थान पार्टनर्स के साथ परिचर्चा का आयोजन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गुड गवर्नेंस वह है, जिससे दूसरों का भला हो और किसी को तकलीफ न हो। उन्होंने कहा कि शरीर को कोई कष्ट न हो और लोग आनंद से जी सकें, यही सुशासन है। राम राज्य का मतलब भी गुड गवर्नेंस ही है। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रामायण में वर्णित एक चौपाई 'दैहिक दैविक भौतिक तापा। राम राज नहिं काहु ब्यापा' का उल्लेख भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनता की बुनियादी जरूरतें रोटी-कपड़ा और मकान पूरी करने, मन और बुद्धि का सुख देने के साथ आनंद के लिए साधन जुटाने के कार्य में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में सुशासन संगोष्ठी, "मध्यप्रदेश सुशासन एवं डेवलपमेंट रिपोर्ट" और "सुशासन डायजेस्ट" पत्रिका के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी विभिन्न नवाचारों के माध्यम से देश को हर दिशा में आगे ले जा रहे हैं, जिसकी सराहना विश्व स्तर पर हो रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन के लिए हमने प्रदेश में विभिन्न पंचायतों का आयोजन किया। पंचायतों के बीच से यह आवाज आई कि जब तक बेटी को बोझ से वरदान नहीं बनाएंगे, तब तक बेटी को लोग आने नहीं देंगे। उसी सोच में से 'लाड़ली लक्ष्मी योजना' निकली। उन्होंने कहा कि मुझे कहते हुए गर्व है कि सेक्स रेशियो अब परिवर्तित हो रहा है। बेटियाँ जन्म ले रही हैं और बेटों की बराबरी से चल रही हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्व-रोजगार के माध्यम से हम प्रदेश की तस्वीर बदल देंगे। महिला सशक्तिकरण के लिए कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।
स्व
-सहायता समूह के माध्यम से बदलेंगे प्रदेश को
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह हमारा आत्मविश्वास है कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से हम प्रदेश को बदल देंगे। हमारा लक्ष्य है स्वास्थ्य और शिक्षा में बेहतर सुधार करना। उन्होंने कहा कि "एक जिला-एक उत्पाद" को हम क्रियान्वित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोग अब गेहूँ नहीं, मोटा अनाज खाना चाहते हैं। हमें मोटे अनाज के उत्पादन को प्रोत्साहित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि शोध अगर लोगों तक नहीं जाये, तो उसका कोई फायदा नहीं है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विकास और जन-कल्याण की योजनाओं में हम जनता को साथ लेकर कार्य कर रहे हैं और इसे आगे भी जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का मतलब ही है जनता का शासन जनता के द्वारा चलाया जाना है। पंचायतों में हमने जनता से पूछ कर मध्यप्रदेश के विकास की रणनीति तय की है।
कार्यक्रम में भारत में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर श्री शोम्बी शार्प, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. सचिन चतुर्वेदी और डीएआरपीजी के सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में सुशासन के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों और योजनाओं की सराहना की। प्रो. श्री चतुर्वेदी ने कहा कि क्वांटीटि के स्थान पर क्वालिटी ऑफ इजुकेशन के बारे में काम किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्कृति विहीन विकास ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश की स्वयं की रैंकिंग के लिये सुशासन संस्थान ने इंडेक्सिंग करने के पैमाने तय कर रहा है। उन्होंने प्रदेश में उद्योग बढ़ाने पर भी जोर दिया है। श्री चतुर्वेदी ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा जारी रैंकिंग में कृषि के आधार पर विकास करने वाले राज्यों में मध्यप्रदेश को एक नम्बर पर रखा गया है।
कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और एनजीओ के प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त कर सुशासन की दिशा में किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। सुशासन संस्थान की सीईओ श्रीमती जीव्ही रश्मि ने संगोष्ठी के उद्देश्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रदेश के विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण, एनजीओ, समाज सेवी, विद्वान और सुशासन संस्थान के अधिकारीगण उपस्थित थे।
: शत प्रतिशत टीकाकरण में जुटे--देशमुख
Sat, Jan 15, 2022
गाडरवारा। गत दिवस स्थानीय तहसील सभागार में एसडीएम सृष्टि देशमुख ने साईंखेड़ा व चीचली ब्लॉक के शासकीय हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यो की बैठक ली। बेठक में उन्होने शालाओं में कोविड टीकाकरण से शेष रहे 15 से 18 वर्ष के छात्र छात्राओं एवं शाला त्यागी किशोर बालक बालिकाओं के टीकाकरण को रुपरेखा बनाकर जल्द से जल्द कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में कहा की कोविड की वजह से स्कूल बंद होने की स्तिथि में घर घर जाकर ग्राम पंचायतों के समन्वय से किशोर बालक बालिकाओं को वेक्सीन लगवाई जाए। हम सभी का ये प्रयास रहे कि कोई भी किशोर बालक बालिका वेक्सीन लगने से वंचित न रहे । उन्होने अधिक से अधिक फ्रंट लाइन वर्करों को भी प्रीकाशन डोज लगाने की बात कही। बैठक में जनपद सीईओ आयुष अग्रवाल, प्रतिभा परते, बीईओ प्रताप नारायण, एएस मसराम,बीआरसी डी के पटैल, चंदन शर्मा ,बीएमओ अनिल पटेल , डॉक्टर मनीष महोबिया, उपेंद्र सिंघई ,विजय ठगेले, परियोजना अधिकारी शिवानी नामदेव सहित प्राचार्य उपस्थित रहे।
: कठौतिया के स्कूल में शालेय खेलकूद प्रतियोगिताओ का हुआ आयोजन
Sat, Jan 15, 2022
खेलो एमपी कार्ययोजना के तहत हुआ आयोजन
गाडरवारा। गत दिवस चीचली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कठौतिया के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में खेलो एमपी कार्ययोजना के तहत चार दिवसीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया जिनमे छात्र छात्राओं ने बढ़ चढ़कर सहभागिता की। प्रतियोगिताओ के पहले दिन प्राचार्य एम के चक्रवर्ती ने माध्यमिक शिक्षक दीपा कौरव, शिवकुमार कौरव एवं खेल प्रभारी शिक्षक रमेश खंगार सहित समस्त स्कूल स्टाफ की उपस्थिति में रिबिन काटकर शतरंज, बैडमिंटन,क्रिकेट, कबड्डी, व्हॉलीबाल,भाला फेंक, चकती फेंक,गोला फेंक, चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़,रस्सी दौड़ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रतिभागियो से बेहतर खेल भावना से खेलने की अपील की। खेल प्रतियोगिताओ के आयोजन उपरांत बीते दिवस प्रतियोगिताओ का समापन विद्यालय परिसर में ग्राम के वरिष्ठ नागरिक कल्लू पटैल, शारद सिंह पटैल, श्यामलाल पटैल, अभिषेक पटैल,रमाकांत पटैल, स्कूल शिक्षा विभाग के जिला मीडिया दल सदस्य मधुसूदन पटैल, शिक्षा चेतना प्रमुख हल्केवीर पटैल,शिक्षक विजय नामदेव, आर्यन दुबे , बुलंद कुशवाहा , पुरुषोत्तम मेहरा, सरिता पटैल के मुख्य आतिथ्य एवं प्राचार्य एम के चक्रवर्ती की अध्यक्षता में किया गया। समापन कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सरस्वती पूजन से किया गया तदोपरांत अतिथियो का स्वागत विद्यालय के छात्र छात्राओं ने फूल माला पहनाकर किया। कार्यक्रम में अतिथियो ने प्रतियोगिताओ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को मैडल,ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर पुरुस्कृत किया एवं अतिथियों को स्मृति चिन्ह भी दिये गए। समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शारद सिंह पटैल ने कहा की खेल प्रतियोगिताओ के आयोजन से ग्राम के छात्र छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। शिक्षक विजय नामदेव एवं हल्केवीर पटैल ने कहा की पढ़ाई के साथ स्कुलो में खेलो का होना भी जरूरी है । कार्यक्रम की अध्य्क्षता करते हुए प्राचार्य श्री चक्रवर्ती ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अतिथियो को साधुवाद दिया। समापन कार्यक्रम का संचालन खेल प्रभारी रमेश खंगार एवं अंत में आभार प्रदर्शन माध्यमिक शिक्षक दीपा कौरव ने किया। कार्यक्रम में वियोगी हरि शर्मा, रमाकांत साहू, अमित कौरव, मीना पटैल, विनीता ठाकुर, विमल दुबे,सुभाष पटैल, केशव पचौरी, अर्चना दुबे, अविनाश कौरव, संदीप मेहरा, रविशंकर विश्वकर्मा एवं अंतराम श्रीवास आदि उपस्थित रहे।