: कृषि शिक्षा की सार्थकता तभी जब सीमांत किसान परिवारों में खुशहाली आए – राज्यपाल श्री पटेल
Thu, Oct 13, 2022
उन्नत कृषि में कृषि विशेषज्ञता का मिलेगा लाभ : कृषि मंत्री श्री पटेल,राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में हुआ आठवाँ दीक्षांत समारोह
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने राजमाता सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को लाभ और सीमांत किसान परिवारों की खुशहाली में ही कृषि की सार्थकता है। उन्होंने कहा कि निश्चित ही आज दीक्षित विद्यार्थी प्राप्त की गई शिक्षा से अपने परिवार के साथ सम्पूर्ण समाज के कल्याण में योगदान देंगे। किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने कहा कि कृषि संकाय में विशेषज्ञता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के ज्ञान का लाभ कृषि को उन्नत बनाने में मिलेगा। दीक्षांत समारोह में चार विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, 14 को शोध उपाधियाँ (पीएचडी) सहित 321 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर और 303 विद्यार्थियों को स्नातक उपाधियाँ प्रदान की गईं। साथ ही तीन विद्यार्थियों को सिरताज बहादुर सिन्हा स्मृति नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।
राजमाता सिंधिया कृषि विश्वविद्याल के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आठवें दीक्षांत समारोह में उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह, विधायक श्री वीरेन्द्र रघुवंशी, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक डॉ. आर सी अग्रवाल, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.के. राव राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी, कृषि विश्वविद्यालय के डीन डॉ. दीपक हरी रानाडे, अधिष्ठाता श्री एन.एस. भदौरिया सहित विश्वविद्यालय प्रबंध मंडल के सदस्य और विद्यार्थी मौजूद थे।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने उपाधियाँ प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आप सब खेती को समावेशी, व्यापक और अधिक टिकाऊ बनाने में पूरे उत्साह के साथ योगदान देंगे। कृषि विद्यार्थियों के प्रयास ऐसे हों, जिससे देश में कृषि व्यापार का ऐसा वातावरण बने जो किसानों के लिये लाभकारी हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उन्नत कृषि तकनीक को बढ़ावा देने के लिये प्रभावी कदम उठाए हैं। राज्यपाल श्री पटेल ने जैविक खेती अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को उपयुक्त तकनीक और खेती के नए-नए तरीकों में पारंगत करने की जरूरत है। साथ ही यह भी प्रयास करने होंगे कि किसान कृषि उद्यमी के रूप में आगे बढ़ें। राज्यपाल श्री पटेल ने राजमाता स्व. विजयाराजे सिंधिया का स्मरण कर उनके द्वारा समाज की भलाई के लिए किए गए कार्यों को भी रेखांकित किया।
किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि कृषि की पढ़ाई की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब कृषि विशेषज्ञता का लाभ किसानों को मिलेगा। उन्होंने किसानों के कल्याण के लिये सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों और योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि और कृषि अधोसंरचना विकास फंड से किसानों को बड़ी मदद मिल रही है। कृषि मंत्री श्री पटेल ने उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अपनी ओर से 10–10 हजार रूपए के नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की।
उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह ने सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि कृषि विद्यार्थी वैज्ञानिक तरीके से कृषि उत्पादन बढ़ाने में अपना योगदान दें और जलवायु परिवर्तन अप्रभावित होने वाली ऐसी कृषि तकनीकें खोजें जिससे सूखे और अतिवर्षा की स्थिति में भी किसानों को अच्छा उत्पादन मिल सके। श्री कुशवाह ने कहा कि कृषि विद्यार्थी किसानों को उद्यानिकी अपनाने के लिये प्रेरित करें।
विकास कार्यों का लोकार्पण
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल श्री पटेल, कृषि मंत्री श्री पटेल एवं उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री कुशवाह सहित अन्य अतिथियों ने कृषि विश्वविद्यालय के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। लोकार्पित कार्यों में जैविक कपास उत्कृष्ट अनुसंधान केन्द्र भवन खंडवा एवं आगर मालवा तथा मनावर, धार और अलीराजपुर के कृषि विज्ञान केन्द्रों में नवनिर्मत प्रशासनिक एवं कृषक भवन सहित अनुसूचित जाति-जनजाति कौशल विकास केन्द्र मंदसौर शामिल है।
: हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई से अंग्रेजी की गुलामी की मानसिकता खत्म होगी : मुख्यमंत्री श्री चौहान
Thu, Oct 13, 2022
केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह 16 अक्टूबर को एम.बी.बी.एस. प्रथम वर्ष की हिन्दी माध्यम की पुस्तकों का करेंगे शुभारम्भ,मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मेडिकल पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष की हिन्दी माध्यम की पुस्तकों का शुभारम्भ हिन्दी को स्थापित करने और आत्म-विश्वास पैदा करने का कार्यक्रम है। यह मेडिकल का नहीं भाषा का कार्यक्रम है। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई का शुभारम्भ कर एक नए युग की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम को विश्व का अदभुत और अनोखा कार्यक्रम बनानें के लिए सक्रियता से कार्य करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास कार्यालय में 16 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउण्ड में हिन्दी माध्यम से मेडिकल पाठ्यक्रम के शुभारंभ की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव श्री मोहम्मद सुलेमान और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अंग्रेजी भाषा पर निर्भरता की मानसिकता को जड़ से खत्म करने का संदेश जाना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में सामाजिक क्रांति हो रही है। हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई की शुरुआत हो रही है। यह अंग्रेजी भाषा की गुलामी की मानसिकता को तोड़ने का कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, आयुष, उच्च शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभागों को आपस में समन्वय के साथ इस कार्यक्रम को स्मरणीय बनाने का प्रयास करना चाहिए। विभिन्न स्थानों से बच्चों को भोपाल आने के लिए बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आयोजन स्थल पर विभाग की उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा सभी कॉलेजों में बच्चों को आमंत्रित कर लाइव प्रसारण दिखाया जाए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सोशल मीडिया में अभियान चलाया जाए। ट्वीट हों। सोशल मीडिया से सीधा प्रसारण किया जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हिन्दी माध्यम से मेडिकल की पढ़ाई के संबंध में जागरूकता लाई जाए। अन्य गतिविधियों द्वारा भी हिन्दी माध्यम से उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रम के विकास के मूल भाव को लोगों तक पहुँचाया जाए। बताया गया कि कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा और आयुष विभाग के 39 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी अपेक्षित है।
: जीवन तुम पर वारा (करवा चौथ पर गीत)
Thu, Oct 13, 2022
जीवन तुम पर वारा, रचनाकार पं. सुशील शर्मा
सोलह शृंगार किया साजन
जीवन तुम पर वारा।माथे बिंदी कंगन चूड़ी
हाथ रचाए सजना।
आँखों में बस प्यार बसाए
बस तेरे सुर बजना।
चाँद हमारे तुम हो प्रीतम
उमर हमारी लागे।
कितना प्यारा पिया हमारा
बँधे प्रेम के धागे।तुम बिन जीवन मरुथल जैसा
तुम हो गगन हमारा।जीवन पथ पर साथ चलूँ मैं
बन कर के अनुगामी।
मार्गप्रदर्शक तुम हो मेरे
मेरे अन्तर्यामी।
सप्तपदी से बँधा हुआ है
रिश्ता कितना प्यारा।
विश्वासों की डोर सम्हाले
बीते जीवन सारा।जीवन की आपाधापी में
तुम हो एक सहारा।पहना है सुहाग का जोड़ा
तेरी पिया निशानी।
सदा सुहागन मुझको रखना
करवाचौथ भवानी।
जल्दी निकलो आज चाँद तुम
पति दर्शन अभिलाषा।
उमर पिया को लम्बी देना
मुझे प्रेम परिभाषा।उनकी बाँहों में दम निकले
उन पर सब कुछ हारा।