: मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम
Mon, Oct 31, 2022
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम आज शाम को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों को सौंपे गये दायित्व।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सात दिवसीय कार्यक्रमों के आयोजन का सिलसिला आज एक नवंबर से प्रारंभ होगा। पहले दिन मुख्य कार्यक्रम खंडवा रोड स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में शाम को 5:30 बजे से आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की विशेषताओं एवं विकास से संबंधित उद्बोधनों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु कलेक्टर श्री मनीष सिंह के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्री अभय बेड़ेकर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, संयुक्त संचालक पंचायत एवं सामाजिक न्याय विभाग संयुक्त रूप से देवी अहिल्या विश्व विद्यालय प्रांगण में स्थित आडिटोरियम में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। जिसमें जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी को उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। कार्यक्रम के संचालन हेतु उद्घोषक की व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा की जायेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन हेतु जिला शिक्षा अधिकारी आवश्यक तैयारी करवाकर कार्यक्रम की प्रस्तुति सुनिश्चित करवायेगें। उक्त कार्यवाहियों का समन्वय अपर कलेक्टर श्री राजेश राठौर द्वारा किया जायेगा।
देवी अहिल्या विश्व विद्यालय आडोटोरियम में एलईडी की व्यवस्था एवं कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था की तैयारी जिला प्रबंधक ई-गर्वनेंस एवं जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी एनआईसी द्वारा की जाएगी।
समारोह में गणमान्य आमंत्रितों, आमजन की व्यवस्था अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जूनी इन्दौर की देख रेख में की जाएगी। तहसीलदार जूनी इन्दौर एवं अन्य तहसीलदारों के माध्यम से गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। समारोह स्थल पर फूल-सज्जा की व्यवस्था अपर आयुक्त नगर निगम इन्दौर द्वारा की जाएगी। उक्त कार्यवाही का समन्वय अपर कलेक्टर श्री आर.एस मण्डलोई द्वारा किया जाएगा।
समारोह स्थल के आन्तरिक एवं बाहृय वाहनों की पार्किंग व्यवस्था उपायुक्त यातायात द्वारा की जायेगी। कार्यक्रम स्थल पर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों की व्यवस्था श्री एम.डी. सोमानी द्वारा की जाएगी। जिला खेलकूद अधिकारी द्वारा खिलाड़ियों को लाने ले जाने की व्यवस्था करायी जायेगे
: इंदौर जिले में खाद की कालाबाजारी
Mon, Oct 31, 2022
इंदौर जिले में खाद की कालाबाजारी तथा मुनाफाखोरी करने वालों के विरूद्ध होगी सख्त कार्रवाई।
कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने अधिकारियों को निरीक्षण करने के दिये निर्देश कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय में सम्पन्न हुई समय-सीमा के पत्रों के निराकरण (टीएल) की बैठक में निर्देश दिये कि इंदौर जिले में यूरिया सहित अन्य खादों के वितरण की सुचारू व्यवस्था बनाई रखी जाये। किसानों को समय पर उनकी मांग के अनुसार खाद मिले यह सुनिश्चित किया जाये। किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने निर्देश दिये कि जिले में खाद की कालाबाजारी तथा मुनाफाखोरी करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाये।कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि अपने-अपने क्षेत्रों का संघन भ्रमण करें। खाद वितरण व्यवस्था पर निगरानी रखी जाये। अगर कही गड़बड़ी पाई जाये, तो सख्त कार्रवाई करें। कालाबाजारी और मुनाफाखोरी करने वालों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाये। बैठक में अपर कलेक्टरगण श्री अभय बेड़ेकर, श्री अजयदेव शर्मा, श्री राजेश राठौर तथा श्री आर.एस. मण्डलोई, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती वंदना शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने मध्यप्रदेश की स्थापना दिवस पर एक नवम्बर से प्रारंभ होने वाले सात दिवसीय मध्यप्रदेश उत्सव का तहत आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी संबंधित विभाग सौपे गये दायित्वों का निर्वहन करें और प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किये जाये। उन्होंने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि अभियान के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को विशाल कार्यक्रम आयोजित कर हितलाभ का वितरण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इस कार्यक्रम के पूर्व सभी हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत हो जाये। कलेक्टर श्री सिंह ने आयुष्मान योजना के तहत बनाये जाने वाले आयुष्मान कार्ड की प्रगति भी समीक्षा की। साथ ही उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण के संबंध में विभागवार जानकारी ली और निर्देश दिये कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाये।
: गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों के विरूद्ध जिला प्रशासन की बड़ी कार्यवाही।
Mon, Oct 31, 2022
इंदौर
--
*76 सिलेंडर और 3 लोडिंग वाहन किये जप्त*
--
*आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं चोर बाजारी अधिनियम अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध।कलेक्टर श्री मनीष सिंह के आदेश पर तथा अपर कलेक्टर खाद्य श्री अभय बेडेकर के निर्देशानुसार चलाये जा रहे माफिया अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन की टीम द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को जिला आपूर्ति नियंत्रक के निर्देशन में टीम द्वारा न्यू इन्द्रा एकता नगर मूसाखेड़ी में जांच की गयी। मौके पर योगेन्द्र सिंह पिता गिरधारी लाल सिंह चौहान द्वारा विभिन्न कंपनियों के गैस सिलेंडर की भारी मात्रा में अवैध गोदाम बनाकर भंडारण, क्रय-विक्रय रिहायसी इलाके में किया जा रहा था।
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री एम.एल. मारु ने बताया कि मौके पर अवैध गोदाम में विभिन्न कंपनियों के 18 भरे हुए, 1 खाली सिलेंडर गोदाम के अंदर एवं गोदाम के बाहर एक वाहन में 4 भरे, 16 खाली सिलेंडर तथा एक अन्य वाहन में 7 खाली सिलेंडर पाये गये। इसके अलावा योगेन्द्र सिंह को अवैध रूप से विक्रय करने हेतु लाये गये मंगल श्री गैस एजेंसी के वाहन में 3 भरे तथा 27 खाली सिलेंडर पाये गये। उक्त सिलेंडर हॉकर कृष्णा वेलिम पिता धुलजी वेलिम द्वारा बिना बिल वाउचर के अवैध बिक्री हेतु योगेन्द्र सिंह चौहान को देने हेतु लाये गये थे। टीम द्वारा सिलेंडर जप्त कर कार्यवाही की गयी।
मूसाखेडी में योगेन्द्र सिंह चौहान द्वारा रिहायसी इलाके में भारी मात्रा में भरे हुए सिलेंडर रखना, जो कि आम जन की सुरक्षा की दृष्टि से भी घातक है एवं उनका क्रय-विक्रय, कालाबाजारी करना पाये जाने तथा मौके पर मंगल श्री गैस एजेंसी के हॉकर द्वारा अनाधिकृत व्यक्ति को सिलेंडर प्रदाय करने एवं मंगल श्री गैस एजेंसी द्वारा अनाधिकृत व्यक्ति को कालाबाजारी से सिलेंडर उपलब्ध कराने पर कुल 25 भरे, 51 खाली सिलेंडर एवं 3 लोडिंग वाहनों को जप्त कर उपरोक्त तीनों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया एवं प्रकरण में एफ.आई.आर और सिलेंडर की कालाबाजारी पर चोर बाजारी अधिनियम अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है।
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री एम.एल. मारु, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री आईपीएस सेंगर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री अविनाश जैन, अंकुर गुप्ता, राहुल शर्मा, सुश्री सोनी दिनकर द्वारा प्रकरण में तत्काल कार्यवाही की गयी है।