: विकासखण्ड-उज्जैन मुख्यमंत्री कप प्रतियोगिता का आयोजन
Wed, Dec 7, 2022
उज्जैन 07 दिसम्बर। खेल एवं युवक कल्याण विभाग के तत्वावधान में मुख्यमंत्री कप 2022-23 अंतर्गत उज्जैन-ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 6 दिसम्बर को एथलेटिक्स कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीबाल का आयोजन खेल परिसर, महानन्दा नगर, उज्जैन तथा खेल-फुटबाल का आयोजन जाल सेवा स्कूल एवं कुश्ती का आयोजन अवंतिका कुश्ती एरिना क्षीर सागर स्टेडियम में किया गया। विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में उज्जैन विकासखण्ड से 300 युवा प्रतिभागी सम्मिलित हुए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीत हासिल कर जिला स्तर हेतु चयनित किये गये। समापन कार्यक्रम में विजेता एवं उप विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार एवं मेडल वितरित किये गये। विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय ‘मुख्यमंत्री कप’प्रतियोगिता में भाग लेगें। कार्यक्रम में मो.अब्दुल वहाब सह सचिव म.प्र. एथलेटिक्स एसोसिएशन एवं श्री ओ.पी. हरोड़ जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री मोहनलाल बम्बोरिया मल्लखंब प्रशिक्षक द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में अलग-अलग विधाओं जैसे कबड्डी, फुटबाल, वॉलीबाल, खो-खो, एथलेटिक्स, कुश्ती की प्रतियोगिता की गई। प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं ने भाग लिया।
: सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया गया
Wed, Dec 7, 2022
देश की रक्षा एवं सुरक्षा के दौरान शहीद सैनिकों को स्मरण करने व उनके आश्रितों के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे भारत में सशस्त्र सेना झंडा दिवस बुधवार 7 दिसम्बर को कलेक्ट्रेट परिसर में मनाया गया। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय नरसिंहपुर के तत्वावधान में यह आयोजन हुआ।इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर सुश्री पूजा तिवारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त कर्नल अमरेन्द्र कुमार दास, कल्याण संयोजक श्री आरएस टेकाम और अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे। सभी अधिकारी- कर्मचारियों को झंडा लगाकर दान राशि एकत्रित की गई। संग्रहीत राशि से शहीद सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए विभिन्न कल्याणकारी कार्य किये जाते हैं।
: सशस्त्र सेना झंडा दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया कलेक्टर ने दी पूर्व सैनिकों को शुभकामनाएं
Wed, Dec 7, 2022
सशस्त्र सेना झण्डा दिवस 7 दिसंबर को जिला मुख्यालय छतरपुर में गरिमापूर्णढंग से मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री संदीप जीआर को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमाण्डर श्री राम विशाल यादव (से.नि.) ने लेपल पिन लगाया। कलेक्टर ने सभी पूर्व सैनिकों को सशस्त्र सेना झंडा दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा सैनिक कल्याण अधिकारी को सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए अधिकाधिक सहायता राशि प्राप्त करने का परामर्श दिया।कलेक्ट्रेट में उपस्थित अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी लेपल पिन व टोकन फ्लैग लगाए गए एवं दान राशि एकत्रित की गई।