: नरसिंहपुर, महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कलेक्टर ने किया माल्यार्पण कर जिले में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत हुये श्रमदान के कार्यक्रम
Aditi News Team
Mon, Oct 3, 2022
महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कलेक्टर ने किया माल्यार्पण
नरसिंहपुर। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने कलेक्ट्रेट नरसिंह भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य, एसडीएम श्री राजेश शाह, अन्य अधिकारी और कर्मचारियों ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
जिले में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत हुये श्रमदान के कार्यक्रम
नरसिंहपुर। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री रोहित सिंह के मार्गदर्शन में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए श्रमदान के कार्यक्रम आयोजित किये गये। जनप्रतिनिधियों सहित समाज के सभी वर्गों ने श्रमदान के कार्यक्रमों में सहभागिता दी। जिला मुख्यालय पर विभिन्न पार्कों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता के लिए श्रमदान किया गया।
इस दौरान नरसिंहपुर में कलेक्ट्रेट नरसिंह भवन परिसर एवं कार्यालयों, सीएमएचओ कार्यालय, पीडब्ल्यूडी कार्यालय, महिला एवं बाल विकास कार्यालय, जिला कोषालय कार्यालय, जिला आपूर्ति कार्यालय, जनसम्पर्क कार्यालय, जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी कार्यालय, जिला अस्पताल और अन्य कार्यालयों में साफ- सफाई की गई। नगर परिषद सालीचौका, चीचली एवं अन्य नगरीय निकायों में भी स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। नरसिंहपुर में सांई समिति के सदस्यों और नगर पालिका के अमले द्वारा पार्कों में साफ- सफाई की गई। इस दौरान शासकीय कार्यालयों में अधिकारी- कर्मचारियों ने साफ- सफाई की।
नशा मुक्ति अभियान की दिलाई शपथ
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने की शपथ दिलाई गई।
अधिकारी- कर्मचारियों ने शपथ ली कि आज हम एकजुट होकर नशा मुक्ति अभियान के तहत एक प्रतिज्ञा लेते हैं कि न केवल हमारी समुदाय, परिवार, दोस्त बल्कि खुद को नशा मुक्त बनायेंगे। परिवर्तन भीतर से शुरू होता है, इसलिए आओ मिलकर अपने मध्यप्रदेश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लें। उन्होंने दोहराया कि मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि मैं अपने प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करुंगा।
दो अक्टूबर को जिला, जनपद, नगरीय निकाय एवं ग्राम स्तर पर नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए शपथ ली गई।
Tags :