: नरसिंहपुर,कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक, उपार्जन कार्य में गड़बड़ी करने वालों पर हो एफआईआर
Aditi News Team
Wed, Sep 15, 2021
नरसिंहपुर । कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने सभी राजस्व अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विगत मंगलवार को ली। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी को केवल राजस्व से संबंधित ही नहीं बल्कि अपने कार्यक्षेत्र के सभी विभागों की जानकारी होनी चाहिए। कोई भी जांच हो निष्पक्ष जांच कर प्रतिवेदन देना होगा। वर्तमान में चल रहे उर्पाजन कार्य में हर उर्पाजन केंद्र में नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगी हुई है। धान उर्पाजन के पंजीयन में सभी राजस्व अधिकारी भ्रमण करते रहें। उपार्जन कार्य में गड़बड़ी लापरवाही करने वालों पर तत्काल एफआईआर की कार्रवाई की जायें। 17 सितम्बर को होने वाले वैक्सीनेशन महाअभियान को ध्यान में रखते हुये सभी को अलर्ट रहकर मिशन मोड में काम करना है। गिरदावरी के प्रकरणों में तत्काल कार्यवाही करे।
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित करें जनसुनवाई
बैठक में उन्होंने निर्देश देकर कहा कि प्रत्येक मंगलवार को जिले के हर अनुभाग, तहसील, जनपद स्तर में जनसुनवाई का आयोजन करें। जो समस्या जिस स्तर की है उसी स्तर पर उसका निराकरण हो जाये। अगर आवेदक की समस्या ब्लॉक स्तर की है, तो उसे मुख्यालय आकर परेशान होने की आवश्यकता न पड़े, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये।
कलेक्टर के भ्रमण के दौरान उस पंचायत में संबंधित पटवारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक आदि उपस्थित रहें, इस बात के स्पष्ट निर्देश बैठक में दिये। राजस्व अधिकारी अपना दौरा कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार ठाकुर, सहायक कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित समस्त एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार मौजूद थे।
Tags :