: जबलपुर पुलिस ने प्रशासन और नगर निगम के साथ मिलकर संयुक्त कार्यवाही कर शासकीय भूमि को कराया अतिक्रमण मुक्त
Aditi News Team
Fri, Jun 3, 2022
जबलपुर। मध्य प्रदेश शासन द्वारा राशन की काला बाजारी, मिलावटखोरों, भू-माफियाओं/चिटफंड कंपनी के कारोबारियों एवं सूदखोरों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश प्रशासन एवं पुलिस विभाग को दिये गये हैं, निर्देशों के पालन में पुलिस एवं प्रशासन तथा नगर निगम की संयुक्त टीम के द्वारा इस प्रकार के माफियाओं की लिस्ट एवं उनके द्वारा किये गये अवैध निर्माण एवं कब्जे की जानकारी तैयार की गई है तथा उनके विरूद्ध कार्यवाही की योजना तैयार कर लगातार कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में दो जून को कलेक्टर जबलपुर डॉ. इलैयाराजा टी. (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा (भा.पु.से.) तथा नगर निगम कमिश्नर श्री आशीष वशिष्ठ (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन में रिपटा नया मोहल्ला ओमती निवासी हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के बेटे बदमाश सरताज जिसके विरूद्ध हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा कर शासकीय कार्य में बांधा पहुंचवाने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं, जो वर्तमान में हत्या के प्रयास, अड़ीबाजी के तीन प्रकरणों में फरार है, आरोपी के द्वारा थाना गोहलपुर के पास नाले से लगी हुई चार हजार वर्गफुट शासकीय भूमि कीमत लगभग चार करोड़ 80 लाख रूपयें है, पर 10 लाख रूपये की लागत से बाउंड्री वॉल एवं कमरे का निमार्ण कर ‘‘जबलपुर मार्बल’’ नामक प्रतिष्ठान चलाया जा रहा था, को जम़ींदोज करते हुये कब्जा मुक्त कराया गया।
उल्लेखनीय है कि बदमाश सरताज के आपराधिक रिकार्ड को देखते हुये एन.एस.ए. की कार्यवाही भी की जा चुकी है। पिछले वर्ष भी हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के बेटे बदमाश सरताज के द्वारा इसी स्थान पर बिना अनुमति के निर्मित अवैध निर्माण को तोड़ा गया था।
इस संपूर्ण कार्यवाही के दौरान अपर कलेक्टर श्री नमः शिवाय अरजरिया, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर श्री अखिलेश गौर, थाना प्रभारी गोसलपुर प्रशिक्षु (भा.पु.से.) श्री शशांक, नायब तहसीलदार श्री संदीप जैसवाल, श्री श्याम आनंद, थाना प्रभारी गोहलपुर श्री विजय तिवारी हमराह बल के साथ तथा राजस्व विभाग एवं नगर निगम का अतिक्रमण अमला मौजूद था।
Tags :