: बीटीआई स्कूल में मेधावी छात्र हुए सम्मानित
Wed, Jul 24, 2024
बीटीआई स्कूल में मेधावी छात्र हुए सम्मानित
गाडरवारा। गत दिवस स्थानीय पीएमश्री शासकीय बालक उ मा विद्यालय (बीटीआई) में सत्र 23-24 के दसवीं एवं बारहवीं वार्षिक परीक्षा में उच्चतम अंक प्राप्त विद्यार्थियों का वैश्य महिला मंडल के द्वारा प्रतिभा सम्मान किया गया। उक्त कार्यक्रम के तहत 10 वी के 14 और 12 वी के 18 छात्रों को स्कूल बैग प्रदान किये गए । इस कार्यक्रम में वैश्य महिला मंडल की जिला अध्यक्ष श्रीमती सपना जैन,तहसील प्रभारी श्रीमती मृदुला अग्रवाल, तहसील अध्यक्ष मंजू जैन, कोषाध्यक्ष श्रीमती अंजलि अग्रवाल,शिखा नीखरा, किरण साहू, संगीता सोनी,गीता अग्रवाल, निर्मला पटेल, अनुराधा अग्रवाल, सुरभि नीखरा आदि बहनों ने छात्रों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन सुनीता शर्मा और शिल्पी गुप्ता द्वारा किया गया। संस्था प्राचार्य श्रीमती सुनीता पटेल के द्वारा सभी अतिथियों और छात्रों का अभिवादन किया गया। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के समस्त स्टाफ के सराहनीय सहयोग और उपस्तिथि से छात्रों को प्रेरणा प्राप्त हुई।
: बाढ़ आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक सम्पन्न,अतिवर्षा की स्थिति में लोग जल स्रोतों के निकट न जायें
Wed, Jul 24, 2024
बाढ़ आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक सम्पन्न
अतिवर्षा की स्थिति में लोग जल स्रोतों के निकट न जायें
नरसिंहपुर।कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बाढ़ आपदा नियंत्रण के संबंध में तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में स्थापित जिला कंट्रोल रूम एवं अनुभाग स्तर पर बनाया गया कंट्रोल रूम 24 घंटे क्रियाशील रहे। कंट्रोल रूम में ऐसे अधिकारी- कर्मचारी की ही ड्यूटी लगाई जाए, जो बाढ़ आपदा के संबंध में भलीभांति परिचित हो और जानकारी का त्वरित आदान-प्रदान कर सके। कंट्रोल रूम में प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही की जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ऐसे पुल- पुलिया जिनमें भारी वर्षा के दौरान जलमग्न होने की स्थिति निर्मित होती है, उनका चिन्हांकन कराएं। पुल- पुलिया से संबंधित निर्माण विभाग जलमग्न होने की स्थिति में तत्काल उन पुल- पुलियों को बंद कराएं। इनसे वाहनों का आवागमन किसी भी स्थिति में नहीं हो। वैकल्पिक वैरीकेडिंग की जाये। लोग एवं मवेशी जल स्रोतों के पास न जायें, इसके लिए भी स्थानीय स्तर पर अपील जारी हो। होमगार्ड की टीम, बोट, रस्सी, टॉर्च, लाइफ जैकेट की पहले से व्यवस्था रखी जाये। राजस्व विभाग का स्थानीय अमला, कोटवार एवं पटवारी मौजूद रहें। पानी कम होने के उपरांत संबंधित निर्माण एजेंसी यह भी सुनिश्चित करें कि पुल- पुलिया की गुणवत्ता की स्थिति अब कैसी है। लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत अंडर ब्रिज में पानी भराव की स्थिति न हो। नेशनल हाईवे एजेंसी द्वारा डायवर्सन किये गये मार्ग के आसपास गड्ढे न हो यह भी सुनिश्चित करें। साथ ही इन मार्ग पर मिट्टी के कारण फिसलन न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाये, ताकि दुर्घटना न हो। संबंधित निर्माण एजेंसी जेसीबी एवं अन्य आवश्यक सामग्री के साथ तैनात हो। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती पटले ने छिंदवाड़ा, जबलपुर एवं नरसिंहपुर नेशनल हाईवे के अधिकारियों को दिये। अतिवृष्टि होने पर यह भी सुनिश्चित किया जाये कि ऐसे क्षेत्रों में स्कूलों एवं आंगनबाड़ियों का संचालन वहां की परिस्थितियों के आधार पर निर्णय लेकर हो। जल भराव की स्थिति होने पर महिला एवं बाल विकास का अमला घर- घर जाकर पोषण आहार का वितरण करवाना सुनिश्चित करवायें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोग न हो। उन्हें ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट करने की तैयारी भी पहले से हो। जनपदों की ग्राम पंचायत, सामुदायिक भवन एवं नगरीय निकायों के आश्रय स्थल व सामुदायिक भवन में उनके रहने व भोजन की भी व्यवस्था संबंधित अधिकारी पहले से सुनिश्चित करेंगे। जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग का अमला आवश्यक दवाईयों का छिड़काव सुनिश्चित करें। सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। पीएचई विभाग का अमला जल स्रोतों में दवाईयों का छिड़काव करवायें। अतिवृष्टि के कारण मकानों, फसलों, मवेशियों आदि के नुकसान होने पर क्षति प्रकरण भी तैयार किये जायें।बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती अंजली शाह, सहायक कलेक्टर श्री शुभम कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
: गाडरवारा,शासकीय रास्ते पर अतिक्रमण एवं पानी की निकासी न होने से ग्रामीण परेशान
Wed, Jul 24, 2024
शासकीय रास्ते पर अतिक्रमण एवं पानी की निकासी न होने से ग्रामीण परेशान
गाडरवारा । शासकीय रास्ते पर अतिक्रमण एवं पानी की निकासी न होने के संबंध में चीचली जनपद की ग्राम पंचायत उकासघाट भमका के लोगों ने अनुविभागीय अधिकारी गाडरवारा को आवेदन सौपा है रोड पर पानी भराव के कारण ग्रामीणों को भारी समस्या का सामना करना पड़ता है ग्राम पंचायत उकासघाट के ग्राम भमका को जाने वाला रास्ता जोकि गाडरवारा बारहा मेन रोड गलगला चौक से होकर भमका की ओर जाता है जिस पर पानी भराव के कारण समस्या हो रही है जिज्जन जाटव व शंकर जाटव के घर के पास आंगन शौचालय तक रोड पर कमर तक पानी भर जाता है घर पर छोटे बच्चे है।पानी भराव के कारण दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है स्कूल जाते समय स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ताहै इस रोड से ट्रैक्टर वाहन तक नही निकल पा रहे है जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा हैं जिज्जन जाटव के घर से गलगला चौक तक पूर्व में यहा से दोनो तरफ नली बनी हुई थी जिससे बरसात के पानी की निकाशी होती थी परंतु काशीराम पिता घासीराम जाटव एव दशरथ पिता हल्केप्रसाद जाटव के द्वारा नाली को बंद कर मिट्टी की पार बना दी गई है एवं उस जगह किसानी की जा रही है । जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है यहां से दो-तीन गांव का कृषि कार्य एवं गांव का आने-जाने का मेन रास्ता है। इस रोड पर पानी भराव के कारण लोगों को आने जाने में बड़ी समस्या हो रही है ।