: सिहोरा जिला मामले में अपना पक्ष साफ करें राजनीतिक दल
Sun, Apr 23, 2023
सिहोरा जिला मामले में अपना पक्ष साफ करें राजनीतिक दल
सिहोरा -लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति ने लगातार 82 वाँ धरना प्रदर्शन कर सिहोरा जिला की मांग की। समिति ने सिहोरा से जुड़ी समस्त राजनीतिक पार्टियों से अपील की कि वे सिहोरा जिला के पक्ष में अपने पार्टी का मत सिहोरावासियों के समक्ष रखें। समिति ने कहा कि आगामी चुनाव में सिहोरावासी जब अपने मत का प्रयोग करने जाए तो उसे पता हो कि वह किन विचारों वाली पार्टियों को अपना मत देने जा रहा है।*सभी पार्टियों ने बनाई दूरी:-* पिछले डेढ़ वर्ष से चल रहे सिहोरा जिला आंदोलन को समिति के सदस्य जहां सिहोरा के सम्मान से जोड़ रहे है वही सिहोरा क्षेत्र की समस्त राजनैतिक पार्टियों ने इस आंदोलन से अपनी दूरी बना रखी है।वैसे मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस यह कहती आ रही है कि वह जिला के साथ है और कांग्रेस ने 2003 में ही सिहोरा को जिला बना दिया था।सत्ता परिवर्तन से सत्ता में आई भाजपा ने इसे 20 वर्षो से लागू करने से रोक लगा रख्खी है।आज के 82 वें धरने में समिति के नागेन्द्र क़ुररिया,अनिल जैन,कृष्णकुमार कुररिया,विकास दुबे,रामजी शुक्ला,सुशील जैन,मानस तिवारी,नरेंद्र गर्ग,अमित बक्शी,रामलाल यादव,गौरी राजें,अजय विश्वकर्मा, सुखदेव कौरव नत्थू पटेल,मोहन सोंधिया सहित अनेक सिहोरावासी मौजूद रहे।
रिपोर्टर अनिल जैन सीहोरा
: प्रधानमंत्री श्री मोदी रीवा में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
Sun, Apr 23, 2023
4 लाख 11 हजार लाभार्थियों को करायेंगे गृह प्रवेश
प्रदेश को देंगे 2300 करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाओं की सौगात
7853 करोड़ की समूह जल प्रदाय योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
2300 करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण, शिलान्यास एवं शुभांरभ
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 24 अप्रैल को प्रात: 11.30 बजे रीवा के एसएएफ मैदान में राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस समारोह में शामिल होकर देश की सभी ग्राम सभाओं और पंचायती राज्य संस्थाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी समारोह में प्रधानमंत्री आवास योजना के 4 लाख 11 हजार हितग्राहियों को वर्चुअल गृह प्रवेश करायेंगे। साथ ही मध्यप्रदेश में जल जीवन मिशन की 7853 करोड़ लागत की 5 बड़ी समूह जल-प्रदाय योजनाओं का शिलान्यास और 2300 करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं शुभांरभ करेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी सुबह मुख्य कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री गिरिराज सिंह, केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केन्द्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री श्री कपिल मोरेश्वर पाटील, केन्द्रीय जल-शक्ति एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री रामखेलावन पटेल और रीवा सांसद श्री जनार्दन मिश्र उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस समारोह में आयोजन के दौरान पंचायत स्तर पर सार्वजनिक खरीद के लिए एकीकृत ई-ग्राम स्वराज और जीईएम पोर्टल का उद्घाटन करेंगे। ई-ग्राम स्वराज – सरकारी ई-मार्केटप्लेस एकीकरण का उद्देश्य पंचायतों को ई-ग्राम स्वराज प्लेटफॉर्म का लाभ उठाते हुए जीईएम के माध्यम से अपने सामानों और सेवाओं की विपणन में सक्षम बनाना है। सरकार की योजनाओं का पूर्ण लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में लोगों की भागीदारी को बढ़ाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री "विकास की ओर साझे क़दम" अभियान का भी शुभांरभ करेंगे। समावेशी विकास पर केन्द्रित इस अभियान में अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। प्रधानमंत्री लाभार्थियों को लगभग 35 लाख स्वामित्व संपत्ति कार्ड सौंपेंगे। इन कार्ड को सौंपने के साथ ही देश में स्वामित्व योजना में लगभग 1 करोड़ 25 लाख संपत्ति कार्ड वितरित किए जा चुके होंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी लगभग 2300 करोड़ रूपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं का शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। जिन परियोजनाओं को समर्पित किया जाएगा उनमें मध्यप्रदेश में रेल नेटवर्क के शत-प्रतिशत विद्युतीकरण के साथ-साथ दोहरीकरण, आमान परिवर्तन और विद्युतीकरण परियोजनाएँ शामिल हैं। प्रधानमंत्री ग्वालियर स्टेशन के पुनर्विकास का शिलान्यास और तीन ट्रेनों का हरी झण्डी दिखा कर शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन की लगभग 7,853 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें रीवा जिले की 2319 करोड़ 45 लाख रूपये लागत की 1411 गाँव में पानी पहुँचाने वाली रीवा बाणसागर परियोजना, सतना बाणसागर-2 परियोजना 2153 करोड़ 12 लाख रुपये लागत की रीवा और सतना जिले के 295 गाँव को लाभान्वित करने वाली जल-प्रदाय योजना, रूपये 1641 करोड़ 52 लाख रूपये लागत की 677 गाँव में पीने का पानी पहुँचाने वाली सीधी बाणसागर समूह नल-जल योजना, रूपये 951 करोड़ 18 लाख रूपये लागत की रीवा जिले के 630 गाँव को लाभान्वित करने वाली टमस समूह नल-जल योजना और रूपये 788 करोड़ 63 लाख रूपये लागत की 323 गाँव को लाभान्वित करने वाली गुलाब सागर समूह जल-प्रदाय योजना शामिल है। इन योजनाओं से 4 हजार 36 गाँव के लगभग 9 लाख 48 हजार परिवार लाभान्वित होंगे।
: गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा विशाल भवन : मुख्यमंत्री श्री चौहान
Sun, Apr 23, 2023
गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा विशाल भवन :
मुख्यमंत्री श्री चौहान
ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की होगी स्थापना
भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव में बनेगा श्री परशुराम लोक
परशुराम जी का जीवन-चरित्र अब पाठ्यपुस्तक में, संस्कृत अध्ययन पर प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री श्री चौहान भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव में हुए शामिल
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भवन का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाएगी। भगवान परशुराम न्याय के देवता थे। उन्होंने आततायियों का नाश करने शस्त्र उठाए थे। उनकी प्रेरणा से मध्यप्रदेश की धरती पर गुण्डे, बदमाश और नक्सलियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश में कक्षा 8वीं के पाठ्यक्रम में भगवान परशुराम के जीवन-चरित्र को शामिल करने, संस्कृत और कर्मकांड का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने और पुजारियों को मानदेय देने की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में आवश्यकता पड़ने पर संस्कृत शिक्षकों को नियुक्त करने का कार्य किया जाएगा। साथ ही मंदिरों की भूमि के संबंध में आवश्यक अधिकार भी रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज गुफा मंदिर परिसर भोपाल में बागेश्वर धाम के स्वामी श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज जी के सानिध्य में भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव पर अक्षयोत्सव-2023 को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव में श्रीपरशुराम लोक का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा के कार्य में ब्राह्मणों ने विशेष योगदान दिया है। विभिन्न अवसरों पर आवश्यक कर्मकांड के लिए शिक्षित और दीक्षित ब्राम्हण अपने दायित्व पूरे करते हैं। प्रदेश में 3547 संस्कृत शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। शासकीय विद्यालयों में संस्कृत शिक्षकों की आवश्यकता को देखते हुए और भी नियुक्तियाँ की जाएंगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप राज्य सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।
जन्मोत्सव कार्यक्रम में गुफा मंदिर के महंत श्री रामप्रवेश दास, चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, भोपाल के पूर्व महापौर श्री आलोक शर्मा, श्री शशि भाई सेठ, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इसके पूर्व लालघाटी चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर पहुँच कर अक्षय तृतीया पर पूजा अर्चना की। दुर्गा मंदिर से गुफा मंदिर परिसर तक शोभा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें नागरिकों ने पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी की।