: शिक्षा, अनुसंधान केंद्र और उद्योगों में साझेदारी समय की आवश्यकता
Tue, Jan 31, 2023
उच्च शिक्षा की उत्कृष्टता, प्रसार और मूल्यांकन के प्रति सजग हों- राज्यपाल श्री पटेल
स्टेट लेवल एनालिसिस ऑफ एक्रिडेटेड हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशन के प्रतिवेदन का लोकार्पण
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि देश-प्रदेश की आर्थिक प्रगति को सुनिश्चित करने, सामाजिक एकता और देश के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए अनुसंधान और शिक्षण के बीच तालमेल कर शिक्षा संस्थानों, अनुसंधान केंद्रों और उद्योगों के बीच साझेदारी को प्रोत्साहित किया जाना समय की आवश्यकता है। श्री पटेल आज पीपुल्स विश्वविद्यालय के सभागार में स्टेट लेवल एनालिसिस ऑफ एक्रिडेटेड हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशन प्रतिवेदन के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि नागरिकों एवं समाज की प्रगति और उन्नति काफी हद तक शिक्षा के विकास, विशेषकर उच्च शिक्षा पर निर्भर करती है। आवश्यकता अंतर्राष्ट्रीय मानकों और चुनौतियों के अनुसार उच्च शिक्षा संस्थानों की गुणवत्ता, ज्ञान और नवाचार के साथ ही शिक्षा की उत्कृष्टता, प्रसार और मूल्यांकन के प्रति सजग होने की है। यह समझना ज़रूरी है कि उच्च शिक्षा प्रणाली के विस्तार के लिए हमें शिक्षण पद्धति में अनिवार्यता सुधार करना होगा, तभी संस्थान की प्रासंगिकता और अस्तित्व बना रह सकेगा। इसलिए ज़रूरी है कि उच्च शिक्षा को इस तरह से डिजाइन किया जाए कि वह समाज को जिम्मेदार और सभ्य नागरिक प्रदान करे, जो राज्य और लोगों की सेवा एवं भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हो। राज्यपाल श्री पटेल ने सभी उच्च शिक्षा संस्थानों से आग्रह किया है कि दर्पण के समान आत्म-निरीक्षण और आत्म-चिंतन के लिए नैक की रिपोर्ट का उपयोग करें। रिपोर्ट में रेखांकित विषयों पर विशेष ध्यान दें। संस्थान की व्यवस्था में सुधार करें। उच्च शिक्षा के वातावरण में मौजूद स्थायी प्रथाओं की पहचान कर, शिक्षा के सभी हितधारकों को सर्वोत्तम शैक्षिक अनुभव प्रदान करना सुनिश्चित करें। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के परिदृश्य की कल्पना करते हुए, नैक गुणवत्ता विश्लेषण रिपोर्ट में सुझाए गए संशोधन, पुन: डिजाइन और पुनर्गठन के द्वारा शिक्षार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक अनुभव प्रदान करने की व्यवस्था करें। शिक्षण और सीखने की गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए संस्थानों का बुनियादी ढाँचा भी मज़बूत बनाना आवश्यक है। उन्होंने आशा की है कि विश्लेषण रिपोर्ट राज्य के मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षा में गुणवत्ता को बढ़ाने के उपायों को लागू करने में गति लाएगी। नैक के संचार सह प्रकाशन अधिकारी प्रो. वहीद उल हसन ने राज्य स्तरीय विश्लेषण प्रतिवेदन की जानकारी दी। पुस्तक के लेखक नैक के सलाहकार स्व. गणेश हेगड़े के योगदान का स्मरण किया। विशेषज्ञ डॉ. डी.एन. संसवाल ने बताया कि 7 मानदंडों का विश्लेषण प्रतिवेदन में किया गया है। पीपुल्स विश्वविद्यालय के कुलपति राजेश कपूर ने स्वागत उद्बोधन दिया। नैक के सहायक सलाहकार श्री श्याम सिंह इंदा ने आभार माना। राज्यपाल का कार्यक्रम में पुष्प-गुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। आयुक्त उच्च शिक्षा श्री कर्मवीर शर्मा, प्रोचांसलर पीपुल्स विश्वविद्यालय डॉ. मेधा विजयवर्गीय, नैक की सहायक सलाहकार डॉ. विनीता साहू और प्रतिवेदन के सह लेखक स्व. गणेश हेगड़े की पत्नी श्रीमती मुकाम्बी हेगड़े सहित विभिन्न विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के प्राध्यापक, प्रबंधक और उच्च शिक्षा से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद थे।
: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Tue, Jan 31, 2023
जनसुनवाई में आये 68 आवेदन
नरसिंहपुर, 31 जनवरी 2023. कलेक्टर कार्यालय नरसिंहपुर के जनसुनवाई हाल में मंगलवार 31 जनवरी को जिले के विभिन्न स्थानों से पहुंचे लोगों ने अपने आवेदन दिये और समस्यायें व कठिनाईयां बताई। सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे एवं अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य ने लोगों की समस्यायें सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का निराकरण तत्परता से करने के लिए निर्देशित किया। कलेक्ट्रेट में हुई जनसुनवाई में 68 आवेदन आये। एसडीएम श्री मणिन्द्र कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों ने दी भी आवेदन लिये और लोगों की समस्यायें सुनी।जनसुनवाई में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, चरनोई भूमि से अतिक्रमण हटवाने, पेंशन दिलवाने, धान उपार्जन की शेष राशि का भुगतान कराने, आवासीय पट्टे के भूखंड पर कब्जा दिलाने, खेत में आने- जाने का रास्ता खुलवाने, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने आदि से संबंधित आवेदन दिये। अधिकारियों को आवेदनों का निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 8 फरवरी तक बढ़ी
नरसिंहपुर, 31 जनवरी 2023. सत्र 2023- 24 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय बोहानी, नरसिंहपुर में कक्षा 6 वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 29 अप्रैल 2023 को होगी। चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट https://navodaya.gov.in पर आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन ही भरे जा सकते हैं, जिसकी अंतिम तिथि बढ़ाकर 8 फरवरी 2023 कर दी गई है, जो पहले 31 जनवरी 2023 थी। इस परीक्षा के लिए नि:शुल्क फार्म वेबसाइट https://navodaya.gov.in एवं https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs. पर जाकर भरे जा सकते हैं। यह जानकारी प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय बोहानी ने दी है। जिले के सभी शासकीय/ मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 5 वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी उक्त परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिला स्तरीय उपार्जन समिति गठित
नरसिंहपुर, 31 जनवरी 2023. राज्य शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार जिले में रबी विपणन मौसम 2023- 24 में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए किसान पंजीयन/ उपार्जन कार्य पर नियंत्रण/ निगरानी एवं पंजीयन/ उपार्जन कार्य में उत्पन्न होने वाली समस्याओं व विवादों का अंतिम निराकरण, पंजीयन केन्द्रों के पर्यवेक्षण एवं अन्य विषयों पर निर्णय लेने के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों की जिला स्तरीय उपार्जन समिति का गठन किया गया है।जिला स्तरीय उपार्जन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर और सदस्य- सचिव जिला आपूर्ति अधिकारी होंगे। इस समिति में जिला लीड बैंक अधिकारी, उपसंचालक कृषि विकास एवं किसान कल्याण, उपायुक्त सहकारी संस्थाएं, जिला सूचना अधिकारी- एनआईसी, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, जिला विपणन अधिकारी- मार्कफेड, जिला प्रबंधक मप्र वेयर हाउसिंग एण्ड लॉजिस्टिक कार्पोरेशन, जिला प्रबंधक मप्र स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन, अधीक्षक भू- अभिलेख और सचिव कृषि उपज मण्डी नरसिंहपुर को सदस्य बनाया गया है।जिले में पंजीयन/ उपार्जन संबंधी सभी विषयों के लिये अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य को एसपीओसी (सिंगल प्वांइट ऑफ कंट्रोल) के रूप में नियुक्त किया गया है। ये राज्य स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संपर्क में रहेगें।
: विनीत कौरव की सेवानिवृति पर दी विदाई
Tue, Jan 31, 2023
विनीत कौरव की सेवानिवृति पर दी विदाईग्रामवासियों एवं शिक्षको ने दी विदाईगाडरवारा। गत दिवस समीपी ग्राम बोदरी की शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधानपाठक विनीत कुमार कौरव को शासकीय सेवा पूर्ण होने पर ग्राम सरपंच भाईजी कहार सहित ग्रामवासियों एवं शिक्षको ने शाल, श्रीफल एवं उपहार भेंटकर आत्मीय विदाई दी। शाला परिसर में आयोजित विदाई कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विद्या की देवी माँ सरस्वती के चित्र का पूजन कर किया तदोपरांत श्री कौरव एवं अतिथियों का स्वागत शाला के शिक्षको अमित जैन प्रतिभा श्रीवास्तव, विद्या शर्मा एवं मंजू मेहरा ने पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर किया। कार्यक्रम में शाला की छात्राओं ने स्वागत गीत , नृत्य एवं भाषण प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में शाला स्टाफ की तरफ से अभिनंदन पत्र श्री कौरव को भेंट किया गया जिसका वाचन शिक्षक नगेन्द्र त्रिपाठी ने किया। विदाई कार्यक्रम में अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किये गए। कार्यक्रम में साईंखेड़ा बीईओ प्रतापनारायण, प्राचार्य अनूप शर्मा, के के वर्मा, जयमोहन शर्मा, बीएसी संदीप स्थापक सहित अन्य वक्ताओं ने विनीत कौरव द्वारा प्रधानपाठक रहते हुए शाला में दिये योगदान को सराहा । कार्यक्रम में सेवानिवृत हो रहे प्रधानपाठक विनीत कौरव ने उन्हें मिले सहयोग के लिए शिक्षको के प्रति आभार जताया। विदाई कार्यक्रम का संचालन बीएसी संदीप स्थापक एवं आभार प्रदर्शन प्रतिभा श्रीवास्तव ने किया। विदाई कार्यक्रम में प्राचार्य जयमोहन शर्मा, अनिल स्थापक, आर पी महिलांग, आर पी गोस्वामी, पूनमचंद दुबे, विनोद कौरव, मधुसूदन पटैल, राहुल कोरी, पंकज स्थापक, अरविंद शर्मा, रीताराज, सुखराम रैकवार, एस एन उपाध्याय, प्रकाश चंद अवस्थी सहित श्री कौरव के परिजन आराम बाई कौरव, प्रमोद कौरव, प्रदीप कौरव, विनय कौरव, विकास कौरव एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं शाला के बच्चे उपस्थित रहे