: गाडरवारा,मनीष शंकर तिवारी को राष्ट्रीय सम्मान
Sat, Jun 14, 2025
मनीष शंकर तिवारी को राष्ट्रीय सम्मान
नवाचारी गतिविधियाँ समूह, भारत — जो देश के सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में सक्रिय और सबसे बड़ा स्व‑प्रेरित शिक्षक नेटवर्क है — ने हाल ही में "राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान 2024‑25" के अंतर्गत पूरे भारत से चुनिंदा 110 शिक्षकों को सम्मानित किया। पाँच शिक्षक मध्य प्रदेश से चुने गए, जिनमें सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय साईंखेड़ा में पदस्थ शिक्षक मनीष शंकर तिवारी का नाम भी शामिल है।नवाचारी गतिविधियाँ समूह, भारत द्वारा आयोजित राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान समारोह में मनीष शंकर तिवारी को नवाचारी शिक्षक के रूप में चुने जाने पर प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, तथा एक मानद कलम से सम्मानित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से उनके निरंतर प्रयास—जिसमें ऑनलाइन कंटेंट, इंटरैक्टिव शिक्षण, तथा मोटिवेशनल संवाद शामिल हैं—को विशेष पहचान मिली है।मनीष ने विशेष रूप से सामाजिक विज्ञान विषय को रोचक और छात्रों के लिए सुलभ बनाने की दिशा में कार्य किया है। उनकी पहल ने बच्चों में विषय के प्रति जिज्ञासा जगाई और आत्मबल व लक्ष्य निर्धारण की प्रेरणा दी।मध्य प्रदेश के लिए गौरव के रूप में राज्य से चयनित पाँच शिक्षकों में मनीष सहित ये सभी शिक्षक शिक्षा प्रणाली में नवाचार लाने के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। नवाचारी गतिविधियाँ समूह ने पूरे देश से 700 से अधिक नामांकनों में से ग्राउंड‑लेवल पर बेहतरीन प्रयासों को मान्यता देते हुए इन 110 शिक्षकों को पुरस्कृत किया।मनीष शंकर तिवारी का यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत अध्यापन रवैये का परिचायक है, बल्कि यह सामाजिक विज्ञान शिक्षण में नवाचार और शिक्षा से प्रेरणा को एक नए आयाम पर ले जाने का संदेश भी है। इससे मध्य प्रदेश एवं भारत के अन्य शिक्षकों को मार्गदर्शन और प्रेरणा मिलेगी, जिससे आगे शिक्षा क्षेत्र में गुणात्मक सुधार की संभावनाएं बढ़ेंगी।स्थानीय और सामाजिक सराहना के रूप में मनीष की उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस. खान, अनिल ब्यौहार, जयमोहन शर्मा. अनूप शर्मा, नागेंद्र त्रिपाठी, चंद्रकांत विश्वकर्मा, प्रतुल इंदुरख्या, राजेश गुप्ता, सुशील शर्मा, आदित्य द्विवेदी, भानु खरे, भानु राजपूत, तथा सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर जुड़े सहकर्मियों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। इस सम्मान समारोह को लेकर शिक्षा समुदाय में उत्साह का माहौल है।
: राष्ट्रभक्ति, रचनात्मकता और आत्मानुशासन का पाठ सीख रहें है शिविरार्थी
Sat, Jun 14, 2025
राष्ट्रभक्ति, रचनात्मकता और आत्मानुशासन का पाठ सीख रहें है शिविरार्थी
सुसनेर/ 14 जून,जनपद में श्रीगोधाम महातीर्थ पथमेड़ा लोक पुण्यार्थ न्यास द्वारा संचालित श्री कामधेनु गुरुकुलम एवं सूर्या फाउंडेशन, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित व्यक्तित्व विकास शिविर राष्ट्रभक्ति, संवेदनशीलता और अभिव्यक्ति का समन्वय रहा शिविर में आज के दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रार्थना के बीच बच्चों ने साधा संतुलन व्यक्तित्व विकास शिविर के अंतर्गत आज का दिन शिविरार्थियों के लिए संवेदनशीलता, प्रतिस्पर्धा और सांस्कृतिक साधना का सजीव संगम रहा।प्रातः कालीन सत्र में आयोजित सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता में शिविरार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे उनकी शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक जागरूकता में वृद्धि देखी गई। इसके पश्चात प्रार्थना सत्र में सभी ने हाल ही में अहमदाबाद में हुई हवाई दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा की शांति हेतु मौन धारण किया और सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की — यह क्षण बच्चों में संवेदना और मानवीय मूल्य जागृत करने वाला रहा।दोपहर में ग्रुप अनुसार संभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें शिविरार्थियों ने विचार, वाणी और अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता का फाइनल कल आयोजित किया जाएगा।शाम के खेल सत्र में खो-खो प्रतियोगिता का रोमांच देखने योग्य रहा, जिसमें टीम भावना और शरीर सौष्ठव का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला।रात्रि के सांस्कृतिक कार्यक्रम में समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें प्रत्येक ग्रुप ने देशभक्ति गीतों का चयन किया है। इन गीतों का अभ्यास विशेष रूप से मथुरा से आए संगीत प्रशिक्षक श्री रुस्तम चौहान के मार्गदर्शन में कराया गया है, जिन्होंने बच्चों को स्वर, ताल और भाव के संतुलन का प्रभावशाली प्रशिक्षण दिया।आज की गतिविधियाँ न केवल प्रतिभागियों के व्यक्तित्व को निखारने वाली रहीं, बल्कि उनमें राष्ट्रभक्ति, रचनात्मकता और आत्मानुशासन के बीज भी बोने का कार्य किया।
: गाडरवारा,रक्तदान दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब गाडरवारा के सदस्यों ने किया रक्तदान एवं खिचड़ी वितरण
Sat, Jun 14, 2025
रक्तदान दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब गाडरवारा के सदस्यों ने किया रक्तदान एवं खिचड़ी वितरण
गाडरवारा। रोटरी क्लब जो कि हमेशा समाज सेवा,पीडि़त मानव सेवा के लिए जानी जाती है। इनका उद्देश्य ही समाज सेवा,पर्यावरण,स्वास्थ्य,शिक्षा सेवा आदि है। इसी क्रम में गाडरवारा क्लब के सदस्यों ने रक्तदान दिवस के अवसर पर शासकीय अस्पताल गाडरवारा में क्लब अध्यक्ष श्री रोटे.मनीष जायसवाल,सचिव अभिषेक बड़कुर,विवेक त्रिपाठी,प्रियंक सोनी एवं अभिनव घारू आदि सदस्यों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ सदस्य रोटे.मिनेंद्र डागा ने बताया कि क्लब कितना गतिशील है एवं क्लब द्वारा क्या-क्या एक्टिविटीज मानव सेवा के लिए की जाती हैं इसी क्रम में आज रक्तदान दिवस के अवसर पर सभी ने रक्तदान किया। क्लब अध्यक्ष मनीष जायसवाल ने कहा कि रक्तदान महादान की श्रेणी में आता है,और आपके द्वारा दिए गए रक्त से किसी एक व्यक्ति की भी जान बच सकती हो तो यह सबसे बड़ा दान कहलाता है। सचिव अभिषेक बड़कुर ने बताया कि सभी को रक्तदान करना चाहिए। क्योंकि आज के समय में रक्तदान की बहुत ज्यादा आवश्यकता है और जागरूकता की कमी के चलते सभी लोग रक्तदान नहीं कर पाते।रक्तदान के उपरांत सभी ने मानव सेवा संघ के माध्यम से अस्पताल परिसर में खिचड़ी वितरण किया। क्लब से वरिष्ठ डॉ.रोटे.उमाशंकर दुबे,डॉ.महेश रघुवंशी,डॉ.शिप्रा कौरव,अशोक राजपूत,संजय गुप्ता,अस्पताल प्रभारी डॉ.उपेंद्र वस्त्राकार,डॉ.आशुतोष मेहता,निखिलेश साहू,अजय घारू एवं वरिष्ठ समाजसेवी अनूप जैन एवं अस्पताल परिसर की टीम उपस्थित रही। क्लब मीडिया प्रभारी नीलेश साहू द्वारा बताया गया कि आज के समय में जिस तरह से एक्सीडेंट,आपदाएं,घटनाएं घट रही है जिसके उपरांत रक्त की कमी देखी जाती है,और ब्लड की कमी को महसूस करते हुए रोटरी क्लब के माध्यम से नागरहित में आज रक्तदान दिवस के अवसर पर रक्तदान किया एवं सभी से आग्रह किया कि वह भी अपना रक्तदान करें। रोटे.डॉ. उमाशंकर दुबे ने कहा कि रक्तदान करना स्वास्थ्य के हिसाब से भी बेहतर होता है और रक्तदान करने से किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न नहीं होती है। एक स्वस्थ व्यक्ति को हर 3 से 6 महीने के दरमियान एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। गाडरवारा शासकीय अस्पताल डॉक्टर की टीम ने रोटरी क्लब सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया!