नरसिंहपुर संभाग स्तरीय महिला टेबल टेनिस में रचा इतिहास : नरसिंहपुर जिला टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि,फाइनल में जबलपुर को हराकर पहली बार बनी संभाग चैंपियन
Aditi News Team
Fri, Oct 2, 2026
संभाग स्तरीय महिला टेबल टेनिस में नरसिंहपुर ने रचा इतिहास
फाइनल में जबलपुर को हराकर पहली बार बनी संभाग चैंपियन
राज्य शासन, उच्च शिक्षा विभाग के खेलकूद कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत आयोजित संभाग स्तरीय महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता में नरसिंहपुर जिला टीम ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। पहली बार नरसिंहपुर की महिला टेबल टेनिस टीम ने संभाग स्तर पर विजय प्राप्त की है।
टीम के कोच एवं शासकीय स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज नरसिंहपुर के क्रीड़ा अधिकारी श्री अर्पित सक्सेना ने बताया कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता एक अक्टूबर को जबलपुर के शासकीय मानकुंवर बाई कला एवं वाणिज्य महिला महाविद्यालय में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में मंडला, कटनी, जबलपुर और नरसिंहपुर जिले की टीमों ने सहभागिता की।
कटनी को हराकर फाइनल में बनाई जगह
नरसिंहपुर की टीम ने अपने पहले मुकाबले में कटनी जिला टीम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला मेजबान जबलपुर और नरसिंहपुर के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में नरसिंहपुर की खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जबलपुर को हराकर संभाग स्तरीय महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
पूर्णिमा और मानसी का उत्कृष्ट प्रदर्शन, विश्वविद्यालय टीम में चयन
विजेता नरसिंहपुर टीम में पीजी कॉलेज नरसिंहपुर की कप्तान पूर्णिमा प्रजापति, मानसी मेहरा, संगीता बरदेले, भारती श्रीवास तथा गाडरवारा कॉलेज की संगीता चौधरी शामिल रहीं। टीम ने जिला एवं संभाग स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में कप्तान पूर्णिमा प्रजापति और मानसी मेहरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्कृष्ट खेल के आधार पर दोनों खिलाड़ियों ने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की टीम में भी स्थान बनाया है। अब वे आगामी पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। नरसिंहपुर की महिला टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य, खेल विभाग, प्राध्यापकों सहित जिले के खेल प्रेमियों ने विजेता खिलाड़ियों एवं कोच श्री अर्पित सक्सेना को बधाई दी है। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर क्रीड़ा अधिकारी अर्पित सक्सेना