Saturday 27th of June 2026

ब्रेकिंग

ब्रांडेड कंपनी की खाली बोरियां और तौल काँटा भी बरामद

मां काली के चरण सेवक द्वारा लिंग उत्पत्ति एवं अर्धनारीश्वर भोलेनाथ का चरित्र सुनाया गया

महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में डॉ. राजकुमार आचार्य का विदाई एवं सम्मान समारोह सम्पन्न

श्रीधाम स्टेशन का नवनिर्मित रूफ प्लाजा हल्की हवा में उड़ा

4 हजार घनमीटर रेत जप्त, कीमत लगभग 20 लाख रूपये

डॉ. राजकुमार आचार्य का विदाई एवं सम्मान समारोह सम्पन्न : महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में डॉ. राजकुमार आचार्य का विदाई एवं सम्मान समारोह सम्पन्न

Aditi News Team

Sat, Jun 27, 2026

रिपोर्टर भागीरथ तिवारी

महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में डॉ. राजकुमार आचार्य का विदाई एवं सम्मान समारोह सम्पन्न

करेली। आदर्श शिक्षण समिति द्वारा संचालित महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य, रीवा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति तथा जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के वर्तमान कुलगुरु डॉ. राजकुमार आचार्य के महाविद्यालय में कार्यकाल पूर्ण होने पर शनिवार को गरिमामय सेवानिवृत्ति एवं विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आदर्श शिक्षण समिति के अध्यक्ष मधुसूदन पालीवाल, पूर्व प्राचार्य डॉ. यू.सी. विश्वकर्मा, संजीव खजांची, समिति के सचिव राजीव अग्रवाल, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.के. अग्रवाल तथा प्रशासक डॉ. संजीव चौबे सहित आदर्श शिक्षण समिति एवं मित्र मिलन संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य, नगर के वरिष्ठ पत्रकार, गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता कर डॉ. आचार्य का आत्मीय अभिनंदन किया।

इस अवसर पर आदर्श शिक्षण समिति एवं मित्र मिलन संस्था द्वारा मुख्य अतिथि पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर का भी शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं डॉ. राजकुमार आचार्य के सम्मान में तैयार सम्मान-पत्र का विधिवत वाचन महाविद्यालय प्राचार्य डॉ ए के अग्रवाल द्वारा किया गया किया गया, जिसमें शिक्षा, प्रशासन और समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान का विस्तार से उल्लेख किया गया।

अपने उद्बोधन में डॉ. राजकुमार आचार्य ने कहा कि, "महात्मा गांधी महाविद्यालय मेरे लिए केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि मेरा परिवार है। यहाँ बिताया गया प्रत्येक क्षण मेरे जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और समाज निर्माण का सशक्त आधार है।" उन्होंने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी से शिक्षा की गुणवत्ता और संस्थान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर, पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, अध्यक्ष मधुसूदन पालीवाल, पूर्व प्राचार्य डॉ. यू.सी. विश्वकर्मा, समिति के सचिव राजीव अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. ए.के. अग्रवाल, प्रशासक डॉ. संजीव चौबे तथा अन्य वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में डॉ. राजकुमार आचार्य के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक उत्कृष्ट शिक्षाविद, कुशल प्रशासक, अनुशासनप्रिय, दूरदर्शी एवं प्रेरणादायी नेतृत्वकर्ता बताया। वक्ताओं ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में महाविद्यालय ने शिक्षा, शोध, गुणवत्ता एवं संस्कारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं तथा उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

समारोह में वक्ताओं ने डॉ. आचार्य के उत्कृष्ट शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं नेतृत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में महाविद्यालय ने शिक्षा, शोध और अनुशासन के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कीं। अतिथियों ने उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की मंगलकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावनाओं से ओत-प्रोत रहा। अंत में महाविद्यालय परिवार ने डॉ. राजकुमार आचार्य को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का मंच संचालन महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ पंकज नेमा ने किया।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

डॉ. राजकुमार आचार्य

जरूरी खबरें