खकरिया के गुमशुदा तरवर की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा : 09आरोपी गिरफ्तार,आरोपियों द्वारा पूर्व नियोजित तरीके से खेत में बिजली का तार बिछाकर करंट प्रवाहित करने की बात स्वीकार की
Aditi News Team
Wed, Sep 23, 2026
गुमशुदगी से हत्या के खुलासे तक पहुँची नरसिंहपुर पुलिस की सघन जांच
• गुमशुदा की तलाश एवं मामले के शीघ्र खुलासे हेतु पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी।
• गुमशुदगी के मामले का नरसिंहपुर पुलिस ने किया सफल खुलासा, 09 आरोपी गिरफ्तार।
• पुलिस जांच में गुमशुदा की करंट लगाकर हत्या किए जाने का हुआ खुलासा।
• आरोपियों द्वारा पूर्व नियोजित तरीके से खेत में बिजली का तार बिछाकर करंट प्रवाहित करने की बात स्वीकार की गई।
• आरोपियों ने हत्या के बाद शव नर्मदा नदी में फेंकना स्वीकार किया।
• आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिजली का तार, गुमशुदा का गमछा, हाथ में पहनने का कड़ा एवं मोटरसाइकिल की चाबी जप्त की गई।
दिनांक 16.09.2026 को प्रार्थी लाखन सिंह गुर्जर, निवासी ग्राम खकरिया, थाना पलोहा द्वारा थाना पलोहा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनका पुत्र तरवर उर्फ बड्डू गुर्जर उम्र 28 वर्ष दिनांक 14.09.2026 की शाम करीब 08:00 बजे उत्तरा बाई को छोड़ने अपने मामा के घर ग्राम गुज्जरखेड़ा गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं आया। गुमशुदा की मोटरसाइकिल पावर हाउस के पास भटेरा में लावारिस हालत में मिली।
रिपोर्ट पर थाना पलोहा में तत्काल कार्यवाही करते हुए धारा 140 (3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित की गई विशेष टीम:
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी तेंदूखेड़ा अभिनव मिश्रा के नेतृत्व में टीम द्वारा तत्काल गुमशुदा की तलाश एवं घटना के संबंध में सघन पतासाजी प्रारंभ की गई।
संदेही से पूछताछ में हुआ हत्या का खुलासा :
जांच के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि गुमशुदा तरवर उर्फ बड्डू का ग्राम भटेरा में आना-जाना था तथा उसे घटना वाले दिन सुरेन्द्र जाटव के साथ आखिरी बार देखा गया था। दोनों के साथ शराब पीने की जानकारी भी सामने आई।
पुलिस द्वारा संदेही सुरेन्द्र जाटव को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसके द्वारा अन्य साथियों के साथ मिलकर तरवर उर्फ बड्डू की हत्या की योजना बनाने एवं घटना को अंजाम देने की जानकारी दी गई।
बिजली का करंट लगाकर हत्या करने की बात आई सामने :
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों द्वारा पूर्व नियोजित तरीके से खेत में बिजली का तार बिछाया गया था। दिनांक 14.09.2026 की रात्रि तरवर उर्फ बड्डू के वहां पहुंचने पर बिजली का करंट प्रवाहित किया गया, जिससे उसकी मृत्यु होना बताया गया।
शव नर्मदा नदी में फेंकने का खुलासा :
आरोपियों द्वारा शव को छिपाने के उद्देश्य से अन्य साथियों के साथ मिलकर एनटीपीसी घाट, नर्मदा नदी में फेंकना बताया गया। पुलिस द्वारा एसडीआरएफ टीम की सहायता से नर्मदा नदी में शव की तलाश की गई, लेकिन शव बरामद नहीं हो सका जिसकी निरंतर तलाश जारी है।
09 आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त सामग्री जप्त :
पुलिस द्वारा प्रकरण में 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिजली का तार, गुमशुदा का गमछा, हाथ में पहनने का कड़ा एवं मोटरसाइकिल की चाबी जप्त की गई।
प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 238(2), 61(2) बीएनएस का इजाफा किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी :
सुरेन्द्र जाटव, लखन उर्फ भुज्जू जाटव, हेमराज उर्फ हिम्मू जाटव, बाबूलाल जाटव, भगवत जाटव, कमलेश उर्फ कम्मू जाटव, पूरन जाटव, राजेन्द्र जाटव, लक्ष्मण जाटव सभी निवासी ग्राम भटेरा, थाना पलोहा।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका:
उक्त प्रकरण के सफल खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक अभिषेक चैधरी, निरीक्षक बी.एल. त्यागी थाना प्रभारी पलोहा, निरीक्षक किशोर वामनकर थाना प्रभारी तेंदूखेड़ा, उपनिरीक्षक मनीष मरावी, उपनिरीक्षक अंकित रावत, उपनिरीक्षक गौरव नेमा, उपनिरीक्षक अमित गोटिया, उपनिरीक्षक दिव्या सनोडिया, सउनि राकेश दीक्षित सहित थाना पलोहा, तेंदूखेड़ा एवं साइबर सेल से महिला आरक्षक, कुमुद पाठक, नीरज डेहरिया, हेमंत वाडिवा, भूपेन्द्र नवरेती की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना
थाना प्रभारी पलोहा बी.एल. त्यागी,