Sunday 20th of September 2026

ब्रेकिंग

नरसिंहपुर पुलिस ने 5 आरोपी गिरफ्तार कर गांजा एवं वाहन सहित लगभग ₹18 लाख रु का मशरूका जप्त किया

खुले में कचरा फेंकने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर चालानी कार्रवाई

चुराये हुये 13 दुपहिया वाहन एवं झपटे हुये 5 मोबाईल तथा चाकू कीमती लगभग 15 लाख रूपये के जप्त

जो है, जैसा है और जितना है, उसे वैसा ही प्रस्तुत करना सत्य : मुनि श्री समतासागर

छीनी हुई चेन, मंगलसूत्र एवं घटना मे प्रयुक्त मोटर सायकिल एवं चाकू जप्त

: हेलो… मैं शिवराज सिंह चौहान बोल रहा हूँ… अब कैसी तबियत है<br>मुख्यमंत्री ने जबलपुर में कोरोना संक्रमित शरद दुबे से किया वीडियो कॉल संवाद

Aditi News Team

Wed, Aug 25, 2021

हेलो … मैं शिवराज सिंह चौहान बोल रहा हूँ … शरद जी अब कैसी तबियत है आपकी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज जबलपुर के कोरोना कंट्रोल एण्ड कमाण्ड सेंटर से वीडियो कॉल के माध्यम से होम आइसोलेशन में रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे आजाद चौक रामपुर निवासी 61 वर्षीय कोरोना संक्रमित शरद दुबे से यह संवाद कर उनके स्वास्थ्य का कुशल-क्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने शरद दुबे को सावधानी और सतर्कता बरतने की सलाह दी।

इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री गोपाल भार्गव, विधायक सर्वश्री अजय विश्नोई, अशोक ईश्वरदास रोहाणी, सुशील तिवारी इन्दू, रेल्वे बोर्ड सदस्य श्री अभिलाष पाण्डेय, डॉ. जितेन्द्र जामदार उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमित शरद से पूछा कि कोरोना कंट्रोल सेंटर वाले फोन करके तबियत के बारे में पूछते हैं कि नहीं…, इस पर शरद दुबे ने कहा … जी दिन में 3-4 बार फोन से हाल-चाल पूछते है, जिला चिकित्सालय से भी डॉक्टर्स का फोन आता रहता है।

टीका अवश्य लगवायें

मुख्यमंत्री श्री चौहान को शरद ने बताया कि उन्हें कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। इसलिये कोरोना का ज्यादा असर नहीं हुआ। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने शरद के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। श्री चौहान ने कहा कि आज और कल 26 अगस्त को कोरोना वैक्सीनेशन का महा अभियान चल रहा है। सभी से आग्रह है कि जिन्हें अभी टीका नहीं लगा है, वे टीका अवश्य लगवा लें।

मुख्यमंत्री ने किया हास-परिहास

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संवाद के दौरान माहौल को सहज व सरल बनाने के उद्देश्य से मजाकिया लहजे में कहा कि दुबे जी होम आइसोलेशन में हो तो परिवार वालों से मिल तो नहीं रहे…, घरवाले कह तो नहीं रहे मिलने आयेंगे… , खाना खिलायेंगे। मुख्यमंत्री के यह पूछते ही वातावरण सहज हो गया और शरद ने जोरदार हँसी के साथ कहा… नहीं… ऐसा नहीं हैं।

खाना कैसे पहुँचता है

मुख्यमंत्री ने कहा शरद जी आपके पास तक भोजन कैसे पहुँचता है। इस पर शरद ने वीडियो कैमरे से मुख्यमंत्री को वह टेबिल दिखायी जिस पर घरवाले भोजन रख देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा ठीक है… भाभी जी बहुत सेवा कर रही हैं, आप जल्द ही ठीक हो जायेंगे।

कोरोना कंट्रोल रूम का निरीक्षण

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोना कंट्रोल एण्ड कमाण्ड सेंटर का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने कंट्रोल रूम की कार्य-प्रणाली बताई।

प्रत्येक केन्द्र पर प्रेरक

जिले में टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिये नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के जन-प्रतिनिधियों, क्राइसिस मैनेजमेण्ट ग्रुप के सदस्य सहित धर्मगुरू, सामाजिक कार्यकर्ता, कोरोना वॉलेंटियर्स, स्वयंसेवक, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता टीकाकरण केन्द्र पर प्रेरक के रूप में सक्रिय सेवा दे रहे हैं। मुख्यमंत्री को बताया गया कि जिले में अभी 14 कोरोना संक्रमित होम आइसोलेशन में रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

Tags :

जरूरी खबरें